21 जून को होने वाली नीट (यूजी) पुनः परीक्षा को लेकर जिला में परीक्षा को लेकर आठ केंद्र बनाये गये हैं. इसमें केंद्रीय विद्यालय नंबर वन सेक्टर 04, श्री महावीर जी प्लस टू हाई स्कूल बिजुलिया, डिस्ट्रिक्ट रामरूद्रा सीएम एसओइ चास, सर्वोदय प्लस टू विद्यालय पिंड्राजोरा, प्लस टू हाइ स्कूल पेटरवार, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर 03, केंद्रीय विद्यालय सीटीपीएस चंद्रपुरा व अपग्रेडेड राजकीयकृत प्लस टू हाइ स्कूल लकरखंदा शामिल हैं. परीक्षा की तैयारी को लेकर समाहरणालय सभागार में सोमवार को डीसी अजय नाथ झा व एसपी नाथू सिंह मीणा ने अधिकारियों के साथ बैठक की. डीसी ने कहा कि परीक्षा को लेकर दायित्व निर्वहन में कोई चूक नहीं हो. परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी परीक्षा के दिन केवल परीक्षार्थी, परीक्षा से जुड़े अधिकारियों, एनटीए अधिकारियों व डीएलसीसी सदस्यों को ही प्रवेश की अनुमति देंगे. परीक्षा केंद्रों में प्रवेश 11 बजे से शुरू होगा. अपराह्न 1.30 बजे के बाद प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. परीक्षार्थी अपने साथ केवल परीक्षा का एडमिट कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो एवं कोई भी एक पहचान पत्र साथ लायेंगे. लिखने के लिए कलम भी नहीं लाना. परीक्षा कक्ष में ही उन्हें एनटीए द्वारा उपलब्ध कलम उपलब्ध कराया जायेगा.
होटल व लाज में चलेगा सघन जांच अभियान
डीसी ने बीडीओ, सीओ व थाना प्रभारियों को परीक्षा से पूर्व क्षेत्र के सभी होटल व लाज की सघन जांच व छापेमारी अभियान चलाने को कहा. एसपी ने कहा कि सभी केंद्रों में पर्याप्त पुरुष एवं महिला पुलिस बल प्रतिनियुक्त किये गये हैं. हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर के साथ परीक्षार्थियों की फिस्कींग के लिए भी अलग- अलग टीम तैनात रहेंगी. प्रश्नपत्र-ओएमआर सीट परीक्षा केंद्र ले जाने में लापरवाही नहीं बरतेंगे. सिटी काे ऑर्डिनेटर मनोज कुमार ने परीक्षा से संबंधित गाइडलाइन के बारे में बताया. बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, प्रभारी पदाधिकारी डीपीआरओ सफीक आलम, डीसीएलआर पूर्णिमा कुमारी, चास एसडीएम प्रांजल ढ़ांडा, एएसपी चास, डीएलएओ अनुराधा कुमारी, बेरमो एसडीएम मनोज कुमार, सिटी डीएसपी राजीव रंजन, डीइओ जगरनाथ लोहरा आदि मौजूद थे.
