Bokaro News : इएसएल वॉकाथॉन में 300 से अधिक प्रतिभागी उत्साह से हुए शामिल

Bokaro News : फिटनेस, एकता व सामाजिक जिम्मेदारी का दिया संदेश

Bokaro News : वेदांता समूह की इकाई इएसएल स्टील लिमिटेड की ओर से रविवार को ‘इएसएल वॉकाथॉन 2025’ का आयोजन किया गया. फिटनेस, एकता व सामुदायिक भावना को समर्पित इस आयोजन में बोकारोवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. शुरुआत नया मोड़ से हुई और समापन सेक्टर छह के लाल बहादुर शास्त्री चौक : पर किया गया. 300 से अधिक प्रतिभागियों ने वॉकाथॉन में हिस्सा लिया. मुख्य अतिथि प्रवीण सिंह (डीएसपी-चास) व इएसएल स्टील लिमिटेड के डिप्टी सीइओ व पूर्णकालिक निदेशक रवीश शर्मा ने वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. वॉकाथॉन में शामिल लोग उत्साहित दिखे. वॉकाथॉन के विजेताओं में लगन हास्ते प्रथम, रवींद्र कुमार पांडे द्वितीय व जोसे एसएल तृतीय स्थान पर रहे.

हर कदम दया व सेवा का प्रतीक, कोई भी बच्चा भूखा न सोये : रवीश

श्री शर्मा ने कहा : हमारा उद्देश्य केवल फिटनेस तक सीमित नहीं है. ‘#RunForZeroHunger’ अभियान के माध्यम से हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हमारे देश का कोई भी बच्चा भूखा न सोये. बताया : वेदांता समूह ने एक अनोखे मोबाइल ऐप से साझेदारी की है, जिसके जरिए लोग चलने या दौड़ने से भी समाज में योगदान दे सकते हैं. हर किलोमीटर के साथ अनिल अग्रवाल फाउंडेशन के माध्यम से नंद घर पहल के तहत एक बच्चे के लिए एक भोजन प्रदान किया जाता है. 10 किलोमीटर के इस वॉकाथॉन में इएसएल के कर्मचारियों ने ऊर्जावान भागीदारी दिखायी.

बोकारो इएसएल का अब तक 1,17,000 भोजन का योगदान

श्री शर्मा ने कहा : यह पहल देशव्यापी अभियान का हिस्सा है, जो पिछले पांच वर्षों से दिल्ली हाफ मैराथन से जुड़ा हुआ है. इस वर्ष का मुख्य आयोजन 12 अक्तूबर 2025 को नयी दिल्ली में होगा. पिछले वर्ष वेदांता समूह ने एक करोड़ से अधिक भोजन प्रदान किये थे. इस वर्ष भी इसी लक्ष्य को दोहराने का संकल्प लिया गया है. केवल बोकारो स्थित इएसएल इकाई ने अब तक 1,17,000 भोजन का योगदान दिया है.

अतिथियों ने प्रतिभागियों के उत्साह व समर्पण की सराहना की

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि चीरा चास के ऑफिसर-इन-चार्ज चंदन दुबे उपस्थित रहे. साथ ही ईएसएल के वरिष्ठ नेतृत्व टीम के सदस्य मुख्य वाणिज्य अधिकारी आशीष भारद्वाज, सीएचआरओ श्यामली मिंज, पीआर एवं स्टेकहोल्डर मैनेजमेंट हेड संजय सिन्हा, आयरन मेकिंग के डिप्टी डायरेक्टर अनूप सिंह नागी, डीआइपी के डिप्टी डायरेक्टर संजीव तिवारी, बिजनेस कंट्रोलर हेड सुकांता बिस्वाल, सेंट्रल इंजीनियरिंग के डिप्टी डायरेक्टर दुर्गा प्रसन्न पांडा व डिप्टी डायरेक्टर(स्टील) जगेश्वर प्रसाद वर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे. सभी ने प्रतिभागियों के उत्साह व समर्पण की सराहना की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >