प्रखंड की चतरोचट्टी पंचायत में मंगलवार को आम बागवानी योजना की चौथी वर्षगांठ उत्साह के साथ मनायी गयी. किसान रामेश्वर महतो के आम बागान में केक काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की गयी. मौके पर बीडीओ महादेव कुमार महतो और मुखिया महादेव महतो मुख्य रूप से मौजूद थे.
हर वर्ष मनायी जाती है आम बागवानी वर्षगांठ
बीडीओ ने कहा कि हर वर्ष 25 अगस्त को आम बागवानी वर्षगांठ मनायी जाती है. उन्होंने बताया कि चतरोचट्टी पंचायत में मनरेगा के तहत शुरू की गयी आम बागवानी योजना ने चार वर्षों में उल्लेखनीय रूप लिया है. रामेश्वर महतो समेत कई किसानों ने एक ही स्थान पर करीब 16 एकड़ में आम के पौधे लगाये हैं. यह क्षेत्र अब विकसित होकर एक आदर्श आम बागान का रूप ले चुका है.
80 एकड़ में हुआ बागवानी का विस्तार
उन्होंने बताया कि पूरी चतरोचट्टी पंचायत में करीब 80 एकड़ भूमि पर आम बागवानी योजना का विस्तार किया गया है. चार वर्ष पूर्व मनरेगा के तहत स्वीकृत यह योजना अब किसानों के लिए स्थायी आय का माध्यम बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है. कभी बंजर पड़ी जमीन पर लगाये गये आम के सैकड़ों पौधे आज पेड़ों का रूप ले चुके हैं और कई पौधों में फल भी आने लगे हैं.
किसानों को स्वावलंबी बनाने में योजना मील का पत्थर
बीडीओ ने कहा कि आम बागवानी योजना किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित हो रही है. मनरेगा को केवल मजदूरी और रोजगार उपलब्ध कराने वाली योजना के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि इसके माध्यम से ऐसी स्थायी परिसंपत्तियां भी तैयार की जा रही हैं, जो आने वाले वर्षों में ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने में मदद करेंगी.
चतरोचट्टी को बनाया जायेगा मॉडल पंचायत
मुखिया महादेव महतो ने कहा कि पंचायत को बागवानी के क्षेत्र में मॉडल पंचायत के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जायेगा. उन्होंने किसानों से बागवानी योजनाओं का लाभ उठाने और खाली जमीन का बेहतर उपयोग करने की अपील की. कार्यक्रम में रोजगार सेवक, जनसेवक समेत बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे.
