कसमार थाना क्षेत्र की गर्री पंचायत में सोमवार की सुबह कब्रिस्तान के समीप नाले में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. शव की पहचान तेलमुंगा निवासी मगदीश घासी के रूप में हुई है. ग्रामीणों की सूचना पर कसमार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. शव सड़ी-गली अवस्था में था.
16 अगस्त को घर से निकला था मगदीश
परिजनों के अनुसार मगदीश घासी 16 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे घर से पैदल निकला था. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. परिजनों ने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और उसे चलने-फिरने में भी परेशानी थी. काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला.
सोमवार सुबह कुछ ग्रामीणों की नजर कब्रिस्तान के समीप नाले में पड़े शव पर पड़ी. सूचना मिलते ही पूर्व मुखिया सिकंदर कपरदार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. पहचान होने के बाद पुलिस को सूचना दी गयी.
हादसे की आशंका, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
शव के कपड़ों की स्थिति को देखते हुए कुछ ग्रामीणों ने आशंका जतायी कि मगदीश शौच के लिए नाले की ओर गया होगा और इसी दौरान गिरने से उसकी मौत हुई होगी. हालांकि, यह ग्रामीणों का अनुमान है. पुलिस ने मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
सूचना पर थाना प्रभारी कुंदन कुमार सदल-बल घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की. पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस घर से निकलने के बाद मगदीश के कब्रिस्तान के समीप नाले तक पहुंचने की परिस्थितियों की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है.
