बोकारो: अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत विभिन्न मांगों के समर्थन में सोमवार को पेटरवार में रैली निकाली गयी. रैली का नेतृत्व अखिल भारतीय किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंचानन महतो और जिला उपाध्यक्ष दिवाकर महतो ने संयुक्त रूप से किया.
एनएच-23 पर कुछ देर किया गया जाम
रैली पेटरवार प्लस टू हाई स्कूल के फुटबॉल मैदान से शुरू होकर छत्रु राम महतो चौक पहुंची. यहां प्रदर्शनकारियों ने एनएच-23 को कुछ देर के लिए जाम कर दिया. बाद में जाम हटा लिया गया और चौक पर नुक्कड़ सभा आयोजित की गयी.
किसानों के लिए पेंशन की मांग
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने किसानों की उपज का उचित समर्थन मूल्य देने की मांग की. साथ ही 60 वर्ष से अधिक उम्र के सभी किसानों को 10 हजार रुपये मासिक पेंशन देने, गैर-मजरूआ जमीन की लगान रसीद शुरू करने और कृषि कार्यों में लगे श्रमिकों का भुगतान मनरेगा के माध्यम से करने की मांग उठायी.
भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते का विरोध
किसान सभा के नेताओं ने भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को रद्द करने की भी मांग की. उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए.
कार्यक्रम में जिला कोषाध्यक्ष चुंबन महतो, कालू बंसल, अनंत कुमार सिन्हा, राजपाल महतो, उमेश कुमार महतो, प्रहलाद महतो, मुकुंद महतो, अजीत महतो, राजन कुमार महतो, बेनीलाल महतो, लोधे मांझी, बेनी लाल मांझी, नंदलाल महतो, अकलू घांसी, महादेव महतो, रमेश महतो, सहरन महतो और हरिनारायण महतो समेत अन्य लोग शामिल थे.
