सेक्टर-4 में रविवार को हेल्दी महिला मंडल की ओर से सावन महोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रतिमा कुमारी निक्की ने की. सावन की उमंग और हरियाली के बीच महिलाओं ने गीत-संगीत के साथ उत्सव मनाया. सावन के गीतों पर देर शाम तक महिलाओं के कदम थिरकते रहे. गीत-संगीत के अलावा कई मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया.
हरियाली और सुहाने मौसम के बीच दिखा उत्साह
कार्यक्रम में महिलाओं ने सावन के प्राकृतिक और सांस्कृतिक महत्व पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि सावन की फुहारों और हरियाली से धरती की खूबसूरती निखर जाती है. सुहाने मौसम के बीच वातावरण में नई ऊर्जा और ताजगी का संचार होता है. प्रकृति के इस बदलाव का आनंद मनुष्य के साथ पशु-पक्षी भी उठाते हैं. सावन की हरियाली लोगों के जीवन में भी उल्लास और उमंग भर देती है.
मित्रता दिवस ने बढ़ायी आयोजन की खुशी
महोत्सव के दौरान मित्रता दिवस भी मनाया गया. महिलाओं ने मित्रता को जीवन के सबसे आत्मीय रिश्तों में से एक बताया. उन्होंने कहा कि सच्ची मित्रता केवल साथ रहने का नाम नहीं, बल्कि विश्वास, अपनापन और भावनात्मक जुड़ाव का रिश्ता है. इसमें अपेक्षाओं से अधिक एक-दूसरे के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग महत्वपूर्ण होता है.
गीत-संगीत और मनोरंजक कार्यक्रमों ने बांधा समां
सावन महोत्सव महिलाओं के लिए आपसी मेल-जोल और खुशियां साझा करने का अवसर भी बना. गीत-संगीत और मनोरंजक गतिविधियों में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया. आयोजन में दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं और देर शाम तक उत्सवी माहौल बना रहा.
