बोकारो. बोकारो जिला तीरंदाजी संघ (बीडीएए) का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को संघ के अध्यक्ष गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो के नेतृत्व में राजभवन में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मिला. बोकारो में 19 से 27 अगस्त होने वाले द्वितीय एनटीपीसी नेशनल रैंकिंग आर्चरी टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आधिकारिक आमंत्रण दिया.
झारखंड तीरंदाजी संघ व बोकारो जिला तीरंदाजी संघ के संयुक्त तत्वावधान में मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम में होने वाले इस नौ दिवसीय टूर्नामेंट में देश के विभिन्न राज्यों के शीर्ष व अंतरराष्ट्रीय स्तर के तीरंदाज हिस्सा लेंगे.
डॉ लंबोदर ने कहा कि इस टूर्नामेंट की मेजबानी मिलना बोकारो और झारखंड के लिए गौरव की बात है. राज्यपाल ने आयोजन की सफलता के लिए शुभकामना दी तथा खेलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की. प्रतिनिधिमंडल में मानद महासचिव एंजेला सिंह, राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रशिक्षक व कोषाध्यक्ष करण कुमार कर्मकार सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे.
