महिला होमगार्ड की हुंकार, 50% आरक्षण नहीं मिला तो होगा अनिश्चितकालीन आंदोलन

बोकारो में महिला होमगार्ड जवानों ने ड्यूटी में 50% आरक्षण की मांग की है। प्रशासन को एक माह का अल्टीमेटम दिया गया है, मांग पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन होगा।

बोकारो. सेक्टर-5 स्थित पुस्तकालय मैदान में रविवार को महिला होमगार्ड जवानों की आमसभा आयोजित हुई. सभा का नेतृत्व झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजीव तिवारी ने किया. बड़ी संख्या में महिला होमगार्ड जवानों ने इसमें भाग लिया और अपनी समस्याओं के साथ-साथ ड्यूटी आवंटन में समान अवसर देने की मांग उठाई.

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव राजीव तिवारी ने कहा कि बोकारो जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, संस्थानों, सार्वजनिक उपक्रमों, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न ड्यूटी स्थलों पर महिला होमगार्ड जवानों को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया जाना चाहिए.

उन्होंने कहा कि महिला जवान हर प्रकार की जिम्मेदारी निभाने में सक्षम हैं और वर्षों से कानून-व्यवस्था, चुनाव, पर्व-त्योहार, वीआईपी ड्यूटी और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों में अपनी सेवाएं दे रही हैं. इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं.

ड्यूटी आवंटन में पारदर्शिता जरुरी

राजीव तिवारी ने कहा कि ड्यूटी आवंटन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि महिलाओं को समान अवसर मिलेगा तो वे और अधिक बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगी. उन्होंने बताया कि सोमवार को महिला होमगार्ड जवानों का प्रतिनिधिमंडल होमगार्ड के जिला समादेष्टा और उपायुक्त बोकारो को ज्ञापन सौंपेगा. ज्ञापन में जिले के सभी ड्यूटी स्थलों पर महिला होमगार्ड जवानों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण लागू करने, ड्यूटी आवंटन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा महिला जवानों से जुड़े अन्य मुद्दों के समाधान की मांग की जाएगी.

एक माह का अल्टीमेटम, फिर होगा आंदोलन

प्रदेश महासचिव ने प्रशासन को एक माह का समय देते हुए कहा कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो महिला होमगार्ड जवान अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगी. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण होगा, लेकिन अपनी मांगों को लेकर संगठन किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेगा. सभा में मौजूद महिला होमगार्ड जवानों ने भी अपनी समस्याएं साझा कीं. उन्होंने कहा कि लंबे समय से ड्यूटी आवंटन में समान अवसर नहीं मिलने से कई महिला जवान आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रही हैं. उन्होंने प्रशासन से महिला जवानों के साथ भेदभाव समाप्त कर समान अधिकार सुनिश्चित करने की मांग की.

इनकी रही उपस्थिति

सभा का संचालन महिला होमगार्ड जवान अनुराधा कुमारी ने किया. मौके पर चिंता कुमारी, रेखा, अभिलाषा ठाकुर, माया, निधि सिंह, पल्लवी, गायत्री, गीता, प्रमिला, मंजू, विद्या, अनिता, रानी, पूजा, रिंकी, सुमन, ममता, सीमा और संध्या सहित बड़ी संख्या में महिला होमगार्ड जवान उपस्थित थीं. सभा के अंत में सभी ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने और संगठन के आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Dharmanath kumar

Published by: Kumarvishwat Sen

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >