डीवीसी के बोकारो थर्मल पावर स्टेशन की 500 मेगावाट क्षमता वाली ए-प्लांट यूनिट की तकनीकी खराबी को दूरुस्त करने के बाद बिजली का उत्पादन पुनः बहाल कर दिया गया है. प्लांट की इस यूनिट से फिलहाल 350 मेगावाट बिजली का उत्पादन शुरू हो चुका है.
सोमवार को ही सिंक्रोनाइज कर दी गयी यूनिट
डीवीसी के एचओपी सुशील कुमार अरजरिया ने बताया कि सोमवार को यूनिट को सफलतापूर्वक सिंक्रोनाइज कर दिया गया था, इसके बाद से ही 350 मेगावाट बिजली का उत्पादन सुचारु रूप से जारी है.
ट्यूब लीकेज के बाद लिया गया था शटडाउन
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को इस 500 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट के बॉयलर में अचानक ट्यूब लीकेज हो गया था. शुक्रवार सुबह तक प्लांट से 364 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा था. दोपहर पौने दो बजे तक यह घटकर 300 मेगावाट पर पहुंच गया था. तकनीकी खराबी की पुष्टि के बाद अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोपहर करीब दो बजे यूनिट को पूरी तरह से बंद (शटडाउन) कर दिया था.
अन्य राज्यों को मिली राहत
बॉयलर ठंडा होने के बाद मेंटेनेंस टीम ने ट्यूब लीकेज की मरम्मत का कार्य पूरा किया. इसके बाद सोमवार को यूनिट को सिंक्रोनाइज कर उत्पादन चालू किया गया. बीटीपीएस की इस बड़ी यूनिट के ठप होने से झारखंड के अलावा दिल्ली, पंजाब और बिहार में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बन गयी थी. हालांकि, निर्धारित समय सीमा के भीतर मरम्मत कार्य पूरा हो जाने से नेशनल ग्रिड से जुड़े राज्यों को अब बिजली संकट से बड़ी राहत मिली है.
