शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ अच्छी नौकरी प्राप्त करना नहीं है. चरित्र व सकारात्मक व्यक्तित्व का निर्माण मुख्य उद्देश्य है. यह बातें बोकारो डीसी अजय नाथ झा ने गुरुवार को डीपीएस चास के नौवें स्थापना दिवस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कही. कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा और चुनौतियां बढ़ी हैं. अभिभावकों का कर्तव्य है कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन व मानवीय मूल्यों का ज्ञान भी परिवार स्तर से ही दें. श्री झा ने विद्यालय की वार्षिक पत्रिका डिप्स एसेंस का विमोचन भी किया. इस दौरान स्कूल की निदेशिका व प्राचार्या डॉ मनीषा तिवारी, डीएस मेमोरियल सोसायटी चास के सचिव सुरेश अग्रवाल व पुष्प सनशाइन इंटरनेशनल स्कूल चास की निदेशिका पुष्पा अग्रवाल उपस्थित थे. मौके पर विद्यार्थियों के शास्त्रीय नृत्य, समूह गान व अन्य कार्यक्रम प्रस्तुत किये. विद्यालय की निदेशिका व प्राचार्या ने विद्यालय की उपलब्धियों व विकास यात्रा पर प्रकाश डाला. प्रो-वाइस चेयरमैन राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास व नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. श्री अग्रवाल ने विद्यालय की सतत प्रगति पर प्रसन्नता जताते हुए शिक्षकों व विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना की. मौके पर शैक्षणिक क्षेत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा द्वितीय से पंचम तक के विद्यार्थियों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.
Bokaro News : डीपीएस चास का नौवां स्थापना दिवस मना
Bokaro News : डीपीएस चास का नौवां स्थापना दिवस मनाया गया.
