बोकारो. समाहरणालय सभाकक्ष में सोमवार को उपायुक्त अजय नाथ झा ने डीएमएफटी पीएमयू और मीडिया मॉनिटरिंग टीम के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया. बैठक में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) से संचालित योजनाओं, उनके क्रियान्वयन और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गयी.
समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने डीएमएफटी पीएमयू द्वारा किये जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और योजनाओं के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. उन्होंने बेसलाइन सर्वे, डोर-टू-डोर एनसीडी (गैर संचारी रोग) स्क्रीनिंग, गोटरी बैंक, शिक्षा एवं स्कूल आधारभूत संरचना की कमियों से संबंधित प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया. साथ ही संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर योजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करने पर जोर दिया.
ये भी पढ़ें: बोकारो के इस स्कूल में क्यों खाली रह गई 370 बच्चों की थालियां? 126 दिनों बाद दुकान ने खींचे हाथ
विभागीय समन्वय से बढ़ेगी योजनाओं की रफ्तार
उपायुक्त ने कहा कि डीएमएफटी की योजनाओं का उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं और जनसेवाओं को मजबूत करना है. इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करें और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें.
समेकित प्रगति रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश
बैठक में मीडिया मॉनिटरिंग टीम की भूमिका की भी समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने टीम को सभी विभागों से नियमित प्रगति प्रतिवेदन प्राप्त करने, उसकी समीक्षा करने और समेकित रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विभागीय उपलब्धियों और विकास कार्यों की अद्यतन जानकारी व्यवस्थित रूप से संकलित की जाये, ताकि प्रशासनिक स्तर पर उसकी प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके.
माह के अंत तक प्रेस कॉन्फ्रेंस की तैयारी
उपायुक्त ने अधिकारियों को माह के अंत तक प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा. उन्होंने निर्देश दिया कि विभिन्न विभागों की उपलब्धियों, योजनाओं की वर्तमान स्थिति और विकास कार्यों से संबंधित आंकड़े एवं सूचनाएं समय पर उपलब्ध करायी जायें.
बैठक में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, एपीआरओ अविनाश कुमार समेत डीएमएफटी पीएमयू और मीडिया मॉनिटरिंग टीम के अन्य अधिकारी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें: बोकारो में हर दिन ओपीडी पहुंच रहे 20 से ज्यादा बच्चे, जांच में डॉक्टरों के उड़े होश, सामने आयी यह वजह
