Bokaro News : स्कूल से निकल रहा गंदा पानी, महिलाओं ने गेट पर जड़ा ताला

Bokaro News : स्कूल से निकल रहे गंदा पानी को लेकर महिलाओं ने गेट पर ताला जड़ दिया.

कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका उच्च विद्यालय नावाडीह के बाथरूम से निकलने वाले गंदे पानी से परेशान ग्रामीण महिलाओ ने बुधवार को स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और विरोध प्रदर्शन किया. सूचना मिलते ही बीडीओ प्रशांत कुमार हेंब्रम, सीओ अभिषेक कुमार, थाना के एसआइ विमल कुमार सिंह व हकीक अहमद पहुंचे. विरोध प्रदर्शन कर रही शैरून खातून, बंसती देवी, भारती देवी व बसंती देवी को हिरासत में ले लिया और थाना ले गये. घंटों बाद दोबारा ऐसी गलती नहीं करने पर छोड़ दिया गया.

ग्रामीणों का कहना है कि गंदा पानी विद्यालय के बाहर एक गड्ढा में जमा किया जाता है. पहले यह गंदा पानी गांव के गली में बहता था. इसका पिछले माह ग्रामीणों ने विरोध करते हुए मुख्य गली में पत्थर रख कर बाधित कर दिया था. इसके बाद प्रखंड के अधिकारी पहुंचे और तत्काल अस्थायी गड्ढा बना कर गली में गंदा पानी का बहाव रोकने और नाली निर्माण किये जाने की बात कही थी. लेकिन नाली निर्माण नहीं हुआ. गड्ढे में जमा पानी से बदबू उठ रहा है. मच्छर के पनपने से बीमारियों का खतरा है. महिलाओं ने बताया कि दो दिन बाद रमजान का पवित्र माह शुरू होने वाला है़ ऐसे में गंदा पानी से हमलोग कैसे पाक रह सकेंगे.

नाली निर्माण की मिल चुकी है स्वीकृति

हालांकि बीडीओ व सीओ ने शाम को अस्थायी गड्ढा बनाने के लिए जेसीबी भेजी, लेकिन ग्रामीणों ने गड्ढा करने से रोक दिया. सीओ ने बताया कि विभाग द्वारा पांच लाख रुपये से सौ मीटर नाली निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है. शीघ्र काम शुरू किया जायेगा. मौके पर पंसस निर्मल महतो, मनरेगा जेइ दीपक शर्मा, शाहबान अंसारी, अलकामा अंसारी, बबलू अंसारी, अनिल महतो, दिलीप कुमार, मीना देवी, सरस्वती देवी, गायत्री देवी आदि मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >