झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में पाकुड़ में रविवार को आयोजित 26वीं सब-जूनियर झारखंड राज्य बास्केटबॉल चैंपियनशिप में बोकारो जिला की बालिका टीम ने गोल्ड और बालक टीम ने सिल्वर मेडल जीता. अंडर-13 बालिका वर्ग में बोकारो की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन किया. सेमीफाइनल में टाटा स्टील की टीम को एकतरफा मुकाबले में 31-07 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया. फाइनल में जमशेदपुर की मजबूत टीम के खिलाफ बोकारो की खिलाड़ियों ने 31-23 से जीत दर्ज की और ट्रॉफी अपने नाम कर ली. इस जीत के साथ बोकारो की टीम नयी चैंपियन बन गयी. टीम की इस सफलता में सेजल, ऋचा, इशिका, प्राची, प्रिया, एकता, शिवांजलि, सोनाक्षी, वेदिका, वृष्टि व आकांक्षा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. प्राची सिन्हा को चैंपियनशिप का बेस्ट प्लेयर चुना गया. बालिका टीम की सफलता में कोच किंकर कृष्णा व मैनेजर प्रियांशु की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही.
अंडर-13 बालक वर्ग में भी बोकारो जिला की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया. सेमीफाइनल में साहिबगंज को 58-27 से हरा कर फाइनल में प्रवेश किया. फाइनल में दुमका से कड़े संघर्ष में हार गयी. टीम में कृष्णा, नवीन, आशीष, अभि, शिवम, गैरी, अंशुमान, केशव, अयान, वंश, रियांश व अश्वनी शामिल थे. बोकारो के नवीन कुमार को बेस्ट प्लेयर का अवार्ड दिया गया. टीम के कोच किंकर कृष्णा, निशांत व मैनेजर प्रत्यूष थे.Bokaro News : बोकारो की बेटियों ने जीता गोल्ड, बेटों ने जीता सिल्वर
Bokaro News : 26वीं सब-जूनियर झारखंड राज्य बास्केटबॉल चैंपियनशिप में बोकारो जिला की बालिका टीम ने गोल्ड और बालक टीम ने सिल्वर मेडल जीता.
