एमएमडीआर संशोधन के विरोध में कांग्रेस का आंदोलन, 27 अगस्त से शुरू होगा अभियान

झारखंड के खनिज अधिकारों और केंद्र की नीतियों के विरोध में कांग्रेस 27 अगस्त से राज्यव्यापी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। जानें पूरी जानकारी।

एमएमडीआर संशोधन विधेयक के जरिये राज्यों के खनिजों पर सेस वसूलने के अधिकार को सीमित करने के केंद्र सरकार के कदम और चंदा चोरी के विरोध में कांग्रेस झारखंड में 27 अगस्त से राज्यव्यापी आंदोलन करेगी. प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने मंगलवार को बोकारो परिसदन में पत्रकारों से बातचीत में आंदोलन की घोषणा की.

जिला मुख्यालयों से होगा आंदोलन का आगाज

पहले चरण में 27 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर धरना देकर राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जायेगा. सात सितंबर को रांची में लोक भवन के समक्ष राज्यस्तरीय धरना होगा. इसके बाद नौ से 16 सितंबर तक सभी प्रखंड मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन किया जायेगा. इसके बाद अगले चरण के आंदोलन की घोषणा होगी.

14,656 करोड़ तक के नुकसान का दावा

राजेश ठाकुर ने कहा कि खनिजों से झारखंड को वर्ष 2024-25 में करीब 1,380 करोड़ और 2025-26 में 7,487.91 करोड़ रुपये का राजस्व मिला. सेस लगाने के अधिकार पर रोक से राज्य को प्रतिवर्ष करीब 14,656 करोड़ रु तक के राजस्व नुकसान की आशंका है.

इसका सीधा असर स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, पेंशन, मंईयां सम्मान और अबुआ आवास जैसी योजनाओं पर पड़ेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड के साथ लगातार सौतेला व्यवहार कर रही है और राज्यों के संवैधानिक अधिकारों में हस्तक्षेप कर रही है. श्री ठाकुर ने कहा, “जमीन और खनिज झारखंड का, प्रदूषण और विस्थापन का दर्द झारखंड के लोग झेलें और निर्देश दिल्ली से आये, यह स्वीकार नहीं होगा.

खनन विस्तार का आदिवासियों पर सर्वाधिक असर की आशंका

ठाकुर ने कहा कि खनन क्षेत्र के विस्तार से झारखंड में विस्थापन, प्रदूषण और सामाजिक समस्याएं और बढ़ेंगी. इसका सर्वाधिक असर आदिवासी और स्थानीय आबादी पर पड़ेगा. उन्होंने भाजपा सांसदों पर भी झारखंड के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस खनिज, संसाधन और राज्यों के अधिकारों से जुड़े मुद्दे पर सड़क से लोकतांत्रिक मंच तक संघर्ष करेगी. पार्टी का नारा होगा— “जमीन हमारी, खनिज हमारा, अधिकार हमारा” और “झारखंड के संसाधनों की लूट बंद करो, राज्यों के अधिकारों पर हमला बंद करो.”

हक छीनने के खिलाफ संघर्षरत रहेगी कांग्रेस

बोकारो जिला कांग्रेस अध्यक्ष जवाहरलाल महथा ने कहा कि झारखंड का हक छीनने की हर कोशिश के खिलाफ कांग्रेस मजबूती से संघर्ष करेगी. प्रदेश के निर्देश पर जिले में सभी आंदोलनात्मक कार्यक्रम जोरदार तरीके से किये जायेंगे. इस मौके पर अशोक मिश्रा, जितेंद्र यादव, प्रेम रॉय, मुस्कर आलम सिद्दीकी, बदरे आलम समेत अन्य मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil kumar tiwari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >