चास प्रखंड की सभी 54 ग्राम पंचायतों में 24 और 25 अगस्त को विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा. ग्रामसभा में ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरत और प्राथमिकता के आधार पर विकास योजनाओं का चयन किया जायेगा. चयनित योजनाओं को ग्राम पंचायत विकास योजना 2026-27 में शामिल किया जायेगा. इसके बाद संबंधित योजनाओं को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा.
पंचायतवार निर्धारित की गयी तिथियां
विशेष ग्रामसभा के आयोजन को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी, चास की ओर से पंचायतवार तिथियां निर्धारित कर दी गयी हैं. सभी मुखिया और पंचायत सचिवों को निर्धारित तिथि पर पंचायत सचिवालय में ग्रामसभा आयोजित करने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन ने ग्रामसभा के दौरान ग्रामीणों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है.
ग्रामीणों की भागीदारी से तय होगी प्राथमिकता
प्रखंड प्रशासन के अनुसार भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय और जिला पंचायत राज पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में पीपुल्स प्लान कैंपेन के तहत विशेष ग्रामसभा आयोजित की जा रही है. इसका उद्देश्य ग्राम पंचायत विकास योजना 2026-27 के लिए ग्रामीणों की भागीदारी से विकास योजनाओं का चयन करना और उनकी प्राथमिकता तय करना है.
कार्यकारिणी बैठक में होगा योजनाओं का अनुमोदन
ग्रामसभा में चयनित योजनाओं का प्राथमिकता क्रम तय किया जायेगा. इसके बाद संबंधित योजनाओं को आगामी कार्यकारिणी बैठक में अनुमोदित कराया जाएगा. अनुमोदन के बाद योजनाओं को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित किया जायेगा. प्रशासन ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों को निर्धारित समय पर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है.
