चंद्रपुरा गोलीकांड: दो गोलियां निकलने के बाद भी गंभीर है रोहित की स्थिति, परिजनों ने लगाई मदद की गुहार

चंद्रपुरा गोलीकांड में घायल रोहित सिन्हा की हालत चिंताजनक है. रांची के मेदांता में उसका इलाज चल रहा है, जहां दो गोलियां निकाली जा चुकी हैं. आर्थिक संकट के चलते परिवार ने लोगों से मदद की अपील की है.

बोकारो. चंद्रपुरा के डीवीसी कॉलोनी पश्चिमपल्ली स्थित आवास में गोलीबारी में घायल रोहित सिन्हा की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है. रांची के मेदांता अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. चिकित्सक उसके शरीर में फंसी गोलियों को निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं. शनिवार को ऑपरेशन कर उसके सिर और पेट में फंसी दो गोलियां निकाली गयीं. वहीं, गर्दन और जांघ के पास अब भी दो गोलियां फंसी हुई हैं. चिकित्सकों की योजना सोमवार को ऑपरेशन के जरिये इन गोलियों को निकालने की है.

रोहित की गंभीर स्थिति को लेकर परिवार के लोग चिंतित हैं. लंबे इलाज के कारण परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है. परिजनों ने लोगों से इस मुश्किल समय में आर्थिक सहयोग की अपील की है, ताकि रोहित का बेहतर इलाज कराया जा सके.

ये भी पढ़ें: शरद ऋतु की आहट: जलाशयों के किनारे क्यों बिछ गई कांस के फूलों की सफेद चादर? जानिए इसका धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व

माता-पिता का श्राद्धकर्म संपन्न

इधर, गोलीकांड में मारे गये रोहित के माता-पिता नरेश सिन्हा और रेणू देवी का श्राद्धकर्म रविवार को चंद्रपुरा में आर्य समाज के नियमानुसार संपन्न कराया गया. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है.

विश्वकर्मा पूजा के दिन शाम करीब सवा सात बजे पश्चिमपल्ली स्थित डीवीसी आवास एच/एम-14 में अज्ञात अपराधियों ने धावा बोलकर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी. गोलीबारी में 65 वर्षीय नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी रेणू देवी की मौत हो गयी थी, जबकि उनका बेटा रोहित सिन्हा गंभीर रूप से घायल हुआ था.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

डबल मर्डर की घटना के बाद पुलिस जांच में जुटी है. चंद्रपुरा और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस को मामले में कोई खास सफलता नहीं मिली है. पुलिस की अलग-अलग टीमें विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही हैं और हमलावरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है.

घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और हत्या के कारण का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है.

कायस्थ महासभा ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

चंद्रपुरा में नरेश सिन्हा और उनकी पत्नी की हत्या के विरोध में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (अभाकाम) झारखंड प्रदेश ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सचिवालय में ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की. महासभा के महामंत्री सुशील कुमार लाल, सचिव राजेश सिन्हा, गुप्तेश्वर शंकर, रवि कुमार, पंकज पीयूष, सुजीत सिन्हा, सजल सहाय, मनीष सिन्हा, कुंदन सिन्हा, राधे सिन्हा, आनंद गौरव, पवन किशोर और सुबोध सिन्हा समेत अन्य लोग ज्ञापन सौंपने वालों में शामिल थे.

ये भी पढ़ें: बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत का बोकारो आगमन और पूर्व बियाडा अध्यक्ष अशोक चौधरी से मुलाकात तथ्यपरक है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rakesh verma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >