कसमार प्रखंड के चंडीपुर मेन रोड पर लंबे समय से जमा गंदे पानी की शनिवार को प्रशासन की देखरेख में निकासी करायी गयी. पानी हटाये जाने के बाद सड़क को आवागमन के लिए दुरुस्त किया गया. सड़क पर लगातार गंदा पानी जमा रहने की शिकायत मिलने पर कसमार सीओ नरेंद्र कुमार सिंह और थाना प्रभारी कुंदन कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.
जलजमाव से ग्रामीणों को हो रही थी परेशानी
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर लंबे समय से गंदा पानी जमा था. इससे राहगीरों के साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी काफी परेशानी हो रही थी. बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती थी. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की.
सोख्ता निर्माण के बाद भी नहीं हुआ समाधान
ग्रामीणों ने बताया कि जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए पूर्व में मनरेगा के तहत पंचायत की ओर से सड़क किनारे 72 ग्रामीणों के घरों में सोख्ता का निर्माण कराया गया था. इसके बावजूद नाली में पानी का बहाव कम नहीं हुआ और जलजमाव की समस्या बनी रही.
स्थायी समाधान के लिए बनेगी कमेटी
सीओ नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल सड़क पर जमा पानी की निकासी करा दी गयी है. समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द ही कमेटी गठित की जायेगी. कमेटी दोनों पक्षों की बात सुनकर उनकी सहमति से नाली विवाद का समाधान तलाशेगी. उन्होंने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर दोनों पक्षों की बातें सुनी गयी हैं और समस्या के समाधान में दोनों पक्षों की भूमिका को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जायेगी.
वैकल्पिक जल निकासी व्यवस्था की भी होगी रिपोर्ट
सीओ ने बताया कि सड़क पर बह रहे गंदे पानी की निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर भी रिपोर्ट तैयार की जायेगी. रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजकर स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जायेगी. मौके पर अंचल कर्मी जमील अहमद, पंचायत प्रतिनिधि समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे.
