Bokaro News : जारंगडीह साइडिंग में मालगाड़ी से कटकर सीसीएल कर्मी की मौत

Bokaro News : समझाैता वार्ता में मृतक के पुत्र को नियुक्ति पत्र दिये जाने के बाद शव उठा

Bokaro News : सीसीएल बीएंडके क्षेत्र के जारंगडीह रेलवे साइडिंग प्लेटफॉर्म नंबर-2 में कैटेगरी वन मजदूर के पद पर कार्यरत कर्मी मुकुंद कपरदार (59 वर्ष) की बुधवार की रात करीब नौ बजे कोयले से लदी रेलवे मालगाड़ी से कट कर घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वह चलकरी गांव के रहने वाले थे.

कैसे घटी घटना :

मिली जानकारी के अनुसार मुकुंद कपरदार की द्वितीय पाली की ड्यूटी थी. वह कोल क्रशर में बैठ कर बीएंडके क्षेत्र की विभिन्न कोलियरियों से हाइवा से आ रहे कोयले को रिसीव कर रहे थे. इसी दौरान खास महल परियोजना का हाइवा(जेएच-24पी-0569) भी कोयला लेकर आया और अनलोड करने के बाद वापस सुरक्षा गेट पहुंच कर ड्राइवर आउट कराना चाहा, लेकिन ड्यूटी पर कार्यरत सुरक्षा प्रभारी चांद लाल शरद, हवलदार मोहन राम, होमगार्ड धनेश्वर नायक ने हाइवा को रोक कर डाला उठाने को कहा. इसी क्रम में डाला उठाने पर लगभग आठ-दस टन कोयला नीचे जमीन पर गिर पड़ा. रिसीवर कर्मी को भी कोयला अनलोड करने का शक हो गया था और वह भी दौड़ कर पीछे से डंपर के समीप आया और इसका विरोध किया. वे विभागीय अधिकारियों को सूचना देकर वापस पुनः अपनी ड्यूटी पर कोल क्रशर स्थल वापस जाने लगे. इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करने के क्रम में कोयले से लदी मालगाड़ी की चपेट में आ जाने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी. हो-हल्ला होने पर घटनास्थल से ड्राइवर हाइवा डंपर छोड़ कर भाग गया. घटना की सूचना साइडिंग के कर्मचारियों ने मृतक के परिजनों को दी. इसके बाद परिजन घटनास्थल पहुंचे एवं शव को देखकर उनका रो रोकर बुरा हाल हो गया. मृतक कर्मी अपने पीछे पत्नी दो पुत्र, दो पुत्री एवं भरा-पूरा परिवार छोड़ गये हैं.

आश्रित को नौकरी की मांग को लेकर धरना पर बैठे यूनियन नेता :

घटना की जानकारी मिलने पर गुरुवार की सुबह ट्रेड यूनियन नेता घटनास्थल पहुंचे एवं नौकरी की मांग को लेकर धरना पर बैठ गये. बाद में प्रबंधन, यूनियन प्रतिनिधियों एवं प्रशासन के बीच समझौता वार्ता हुई, जिसमें तत्काल नौकरी देने सहित कंपनी प्रावधानों के तहत अन्य सुविधाएं देने पर सहमति बनी. मृतक पुत्र पीतांबर कपरदार को नियुक्ति पत्र दिया गया. इसके बाद स्थानीय पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया. उक्त डंपर जय मां काली, रामगढ़ की बतायी जाती है, जिसे जब्त कर पुलिस थाना ले गयी.

वार्ता में कौन-कौन थे शामिल :

मौके पर प्रबंधन की ओर से पीओ सत्येंद्र कुमार सिंह, कार्मिक प्रबंधक पीएन सिंह, ट्रेड यूनियनों में आरसीएमयू बीएंडके क्षेत्रीय अध्यक्ष दिगंबर महतो, सचिव सुबोध सिंह पवार, विल्सन फ्रांसिस, जमसं के ओमप्रकाश उर्फ टीनू सिंह, सीसीएल सीकेएस के दिलीप कुमार, रामेश्वर कुमार मंडल, राम निहोरा सिंह, राजू स्वामी, कृष्ण कुमार, राजकुमार मंडल, सीटू के भागीरथ शर्मा, एसबी सिंह दिनकर, निजाम अंसारी, बालगोविंद मंडल, कमलेश कुमार गुप्ता, विनोद बाउरी, जगदीश राय, जारंगडीह दक्षिणी के पूर्व मुखिया सुदेश भुइयां सहित प्रशासन की ओर से बोकारो थर्मल थाना एसआइ अजीत कुमार, अरविंद मेहता सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: MANOJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >