बालीडीह थाना क्षेत्र की करहरिया पंचायत में सोमवार की रात मवेशी चोरी का मामला सामने आया. सवारी मारुति इको वाहन में गाय लादकर भाग रहे तीन आरोपितों में से एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गये. ग्रामीणों ने पकड़े गये आरोपित के साथ वाहन (जेएच 17 एन 5085) और बरामद मवेशी पुलिस के हवाले कर दिये. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
गाय खोजने निकला तो वाहन पर पड़ी निगाह
घटना के संबंध में किसान सह मवेशीपालक अनिल कुमार नायक ने बालीडीह थाना में आवेदन दिया है. उन्होंने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे वह अपनी गाय की तलाश में निकले थे. इसी दौरान उन्होंने एक बाउंड्री के पास मारुति इको वाहन में तीन लोगों को गाय लादते देखा. संदेह होने पर उन्होंने आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी और कुछ लोगों को साथ लेकर आरोपितों का पीछा किया.
ग्रामीणों को आता देख भागने लगे आरोपी
ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख आरोपित वाहन लेकर भागने लगे. ग्रामीणों ने पीछा करते हुए सूरज मोड़ के पास वाहन को रोक लिया. इस दौरान एक आरोपित को पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले. घटना की सूचना मिलने पर बालीडीह पुलिस रात में गश्ती दल के साथ मौके पर पहुंची और पकड़े गये आरोपित, वाहन तथा मवेशी को कब्जे में ले लिया.
एक गिरफ्तार, दो की तलाश
बालीडीह थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान माराफारी थाना क्षेत्र के सिवनडीह निवासी मो सिराज अंसारी के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने फरार आरोपितों के नाम राजाबाबू और बिलाल अंसारी बताये हैं. दोनों जरीडीह थाना क्षेत्र के बारू निवासी बताये गये हैं. पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
तीन माह से मवेशी चोरी करने का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि करहरिया पंचायत के कई गांवों में पिछले करीब तीन महीने से लगातार मवेशी चोरी की घटनाएं हो रही हैं. ग्रामीणों के अनुसार, इसकी सूचना पहले बालीडीह थाना को भी दी गयी थी. ग्रामीणों ने पुलिस से मवेशी चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और फरार आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है. फोटो : बरामद वाहन व मवेशी के साथ पुलिस।
