बोकारो से राकेश वर्मा की रिपोर्ट
Bokaro News: झारखंड के बोकारो थर्मल थाना अंतर्गत गोमिया-फुसरो मुख्य मार्ग पर जारंगडीह स्थित ढोरी माता चर्च के पास गुरुवार की अहले सुबह लगभग चार बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई. गोमिया से बारात लौट रही एक स्विफ्ट डिजायर कार ने बोकारो थर्मल थाना के गश्ती वाहन बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी.
चार लोग घायल
इस टक्कर में कार सवार चार लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग धनबाद के महूदा निवासी हैं. घायलों की पहचान सुरेश कुमार, भरत रजक और धर्मनाथ पासवान के रूप में हुई है,जिनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं.वहीं, कार चालक बंटी कुमार रजक को मामूली चोटें लगी हैं. गश्ती दल में मौजूद पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार कच्छप, चालक और अन्य जवान सुरक्षित हैं.
पुलिस ने घायलों अस्पताल पहुंचाया
घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को तत्काल सीसीएल कथारा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया.वहां डॉ अमर कुमार की देखरेख में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों के परिजनों को सूचित किया गया और बेहतर इलाज के लिए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया.
पुलिस कर रही है छानबीन
गश्ती दल के चालक ने बताया कि कार की रफ्तार काफी तेज थी और हो सकता है चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन कर रही है.
यह भी पढ़ें: सरायकेला-खरसावां: भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने बढ़ाई मुसीबत, परेशान हुए लोग
यह भी पढ़ें: रांची स्मार्ट सिटी को लेकर CM हेमंत ने दिए निर्देश, विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता
