Bokaro News : अभियान चलाकर ट्रांसजेंडर आइडी कार्ड किये जायेंगे जारी : उपायुक्त

Bokaro News : समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में ट्रांसजेंडर कल्याण समिति की बैठक, डीएसडब्ल्यूओ को दिये दिशा- निर्देश.

बोकारो, समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सोमवार को ट्रांसजेंडर कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गयी. अध्यक्षता उपायुक्त अजय नाथ झा ने की. इस दौरान उन्होंने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय को पहचान एवं अधिकारों से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन ठोस कदम उठा रहा है. इसके तहत जल्द ही अभियान चलाकर ट्रांसजेंडर पहचान पत्र (आइडी कार्ड) जारी किये जायेंगे.

सामाजिक व आर्थिक मैपिंग होगी, गोपनीयता रहेगी बरकरार

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी ट्रांसजेंडरों की सामाजिक और आर्थिक मैपिंग करायी जायेगी. यह मैपिंग उनके जीवन-स्तर, आजीविका, शिक्षा एवं स्वास्थ्य की वास्तविक स्थिति को सामने लाने में मदद करेगी. साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि इस प्रक्रिया में ट्रांसजेंडरों की गोपनीयता पूरी तरह से सुरक्षित रखी जाये, ताकि उनकी निजता का सम्मान हो सके और वे बिना संकोच के जानकारी उपलब्ध करा सकें.

समाहरणालय परिसर में बनेगा हेल्प डेस्क

उपायुक्त ने कहा कि समाहरणालय परिसर में ट्रांसजेंडर हेल्प डेस्क स्थापित किया जायेगा. इस हेल्प डेस्क के माध्यम से उन्हें सरकारी योजनाओं, पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाओं और कानूनी सहायता से संबंधित जानकारी आसानी से मिलेगी. हेल्प डेस्क उनकी समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान की दिशा में भी कार्य करेगा.

रोजगार से जुड़ेंगे समुदाय के लोग

उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि ट्रांसजेंडर समुदाय को आजीविका और स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ा जाए. इसके लिए कौशल विकास प्रशिक्षण, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), लघु उद्योग और सरकारी योजनाओं के साथ उन्हें जोड़ने को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को जरूरी निर्देश दिया.

समन्वय स्थापित कर कार्य योजना करें तैयार

बैठक में उपायुक्त ने डीएसडब्ल्यूओ डाॅ सुमन गुप्ता को निर्देश दिये कि वे इस पूरी प्रक्रिया को प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाएं. साथ ही विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य योजना तैयार करें. उपायुक्त ने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय समाज का अभिन्न हिस्सा है और उन्हें भी समान अधिकार, अवसर और सम्मान मिलना चाहिए. जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि बोकारो जिले के सभी ट्रांसजेंडर सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन जी सकें. मौके पर संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >