बोकारो, सदर अस्पताल का शुक्रवार की रात तीन-तीन बार औचक निरीक्षण किया गया. रात आठ बजे सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद पहुंचे. महिला व पुरुष वार्ड में दाखिल मरीजों से मिले. बेडशीट व मरीज को ठंड से बचाव के लिए कंबल का निरीक्षण किया. हीटर की जांच की. सबकुछ दुरुस्त मिलने पर इमजरजेंसी कक्ष पहुंचे. इलाजरत मरीज की सूची व रिकाॅर्ड जांच की. पुन : रात एक बजे सीएस ने आइसीयू, सीसीयू, एसएनसीयू व एनआइसीयू कक्ष का निरीक्षण किया. मरीज के इलाज से जुड़े रिकाॅर्ड की जांच की. नर्स से बीमारी का फीडबैक लिया.कार्डेस की जांच की. दवा की जांच की. इसके बाद इलाजरत नवजात के बारे में नर्स से पूछा. ड्यूटी में कार्यरत नर्स व स्वास्थ्यकर्मियों को कड़ी हिदायत दी गयी. ड्यूटी के वक्त किसी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए. अन्यथा विभागीय कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया.
रात दो बजे डीएस व सुबह चार बजे एपिडेमियोलॉजिस्ट ने किया निरीक्षण
रात दो बजे सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ एनपी सिंह अस्पताल पहुंच गये. इमरजेंसी कक्ष में आधे घंटा बैठने के बाद डीएस कक्ष में पहुंचे. रात को इमरजेंसी में आनेवाले मरीजों को डीएस कक्ष में देखना शुरू किया. साथ ही कर्मियों को हिदायत दी गयी कि किसी भी मरीज को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए. चिकित्सक को निर्देश दिया गया कि इमरजेंसी में रेफर वाले मरीज के बारे में सीएस व डीएस से हर हाल में चर्चा होनी चाहिए. अनुमति मिलने के बाद ही रेफर करें. हर हाल में सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरूस्त रखे. सुबह चार बजे एपिडेमियोलॉजिस्ट पवन श्रीवास्तव, संतोष कुमार एंड टीम अस्पताल पहुंचे. महिला-पुरुष वार्ड में इलाजरत मरीज व ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी से मिले.
इस संबंध में सीएस डॉ प्रसाद ने कहा कि सदर अस्पताल का निरीक्षण लगातार किया जायेगा. रात को लगातार विशेष विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जायेगा. कोताही करनेवाले चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई होगी. उपाधीक्षक डॉ सिंह ने कहा कि अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मियों को हर हाल में ड्यूटी रोस्टर का पालन करना होगा. ड्यूटी से गायब रहनेवाले चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों पर ऑनस्पॉट कार्रवाई होगी.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
