Bokaro News : आत्महत्या की लेने पहुंचे थे अनुमति, पेंशन मिलने की बात से खिलखिलाये

Bokaro News : जनता दरबार में उपायुक्त के निर्देश पर वर्षों से लंबित मामला आधे घंटे में सुलझा, हादसे में दिव्यांग हो गये थे सेक्टर आठ निवासी श्याम सुंदर, चीरा चास निवासी राकेश कुमार की वर्षों से लंबित भूमि की कटी रसीद.

बोकारो, समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में मंगलवार को आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देश पर वर्षों से लंबित मामलों को आधे घंटे में सुलझा लिया गया. जनता दरबार में पहुंचे बसंत बिहार चीरा चास निवासी राकेश कुमार और सेक्टर आठ निवासी श्याम सुंदर कुमार के चेहरे खुशी से खिल उठे जब उनकी समस्याओं का समाधान अधिकारियों ने तुरंत कर दिया. किसी को वर्षों से लंबित भूमि की रसीद मिली, तो किसी को दिव्यांग पेंशन की मंजूरी. दोनों लाभुकों ने भावुक होते हुए कहा कि आज हमें सचमुच लगा कि जिला प्रशासन हमारे साथ है.

जनता दरबार का सबसे भावुक क्षण उस समय आया जब श्याम सुंदर कुमार ने आत्महत्या करने की अनुमति का आवेदन उपायुक्त के समक्ष रखा. वर्षों तक भटकने और मदद नहीं मिलने के कारण वे पूरी तरह निराश हो चुके थे. उन्होंने बताया कि काम के दौरान किसी दुर्घटना के कारण उनका हाथ जख्मी हो गया था, उस समय कंपनी की ओर से जो वादा किया गया, उसका पालन नहीं किया गया. मामला न्यायालय में लंबित है. आय का कोई श्रोत नहीं है. भरण पोषण में भी समस्या आ रही है. इस पर उपायुक्त ने ऐसे किसी भी तरह (आत्महत्या) का कदम नहीं उठाने को कहा. उन्होंने ईश्वर द्वारा दिये इस जीवन के महत्व को बताया. कहा कि प्रशासन आपके साथ हैं- आपको न्याय मिलेगा. उपायुक्त के निर्देश पर उनका दिव्यांग पेंशन तत्काल स्वीकृत किया गया.

माॅनसून के बाद जिले में लगेगा विशेष राजस्व शिविर

उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आमजन से सीधा कनेक्ट करना है. वर्षों से लोग अपनी समस्याओं को लेकर भटकते रहे हैं, लेकिन अब हर सप्ताह प्रशासन उनके बीच पहुंच रहा है. उन्होंने कहा कि प्रशासन का दरवाजा हर नागरिक के लिए हमेशा खुला है. जनता दरबार सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि लोगों के दर्द को समझने और उसका समाधान देने का सशक्त माध्यम है. जिले के सभी प्रखंडों में ही जनता दरबार का आयोजन किया गया है, जहां बीडीओ- सीओ अपने स्तर के मामलों की सुनवाई कर निपटारा कर रहे हैं. उपायुक्त ने उपस्थित अपर समाहर्ता को कहा कि माॅनसून के बाद जिले में विशेष राजस्व शिविर का आयोजन करें. इस शिविर का मकसद दाखिल-खारिज से जुड़ी अशुद्धियों को दूर करना और लोगों को सहज तरीके से सुविधा उपलब्ध कराना है.

40 से अधिक मामलों की सुनवाई, कई का तत्काल समाधान

जनता दरबार में 40 से ज्यादा समस्याएं सामने आयी. इनमें भूमि विवाद, पेंशन, दाखिल-खारिज और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित आवेदन शामिल रहे. मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान किया गया, जबकि अन्य मामलों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्रवाई का निर्देश दिया गया. मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा पियुष, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह आदि उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >