Bokaro News: प्रत्येक मतदाता तक पर्ची पहुंचाना करें सुनिश्चित

Bokaro News: डीइओ ने चास नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 का भ्रमण कर मतदाता पर्ची वितरण का लिया जायजा, दिये दिशा-निर्देश.

बोकारो, जिला निर्वाचन पदाधिकारी (डीइओ) सह उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने शुक्रवार को चास नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 20 का भ्रमण कर मतदाता पर्ची वितरण कार्य का जायजा लिया. उन्होंने संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) से वितरण की प्रगति की जानकारी ली. शेष बचे मतदाता पर्चियों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. डीइओ ने निर्देश दिया कि सभी बीएलओ बूथ क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं को पर्ची उपलब्ध कराएं, ताकि किसी भी मतदाता को मतदान के दिन असुविधा नहीं हो. साथ ही एएसडी (अनुपस्थित, शिफ्टेड व मृत मतदाताओं) सूची को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रूप से तैयार करने का भी निर्देश दिया.

गर्भवती, दिव्यांग व बुजुर्ग वोटर को मतदान केंद्र तक आने-जाने की व्यवस्था से कराये अवगत

डीइओ ने बीएलओ को मतदान क्षेत्र कि गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजन व 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक आने-जाने के लिए टोटो (ई-रिक्शा) की व्यवस्था की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा. कहा कि सभी जरूरतमंद मतदाताओं को सुविधा का लाभ सुनिश्चित किया जाये, ताकि वे निर्भिक व सहज वातावरण में मताधिकार का प्रयोग कर सकें.

मतदान कर लोकतंत्र को बनायें सशक्त

डीइओ ने मतदाताओं से संवाद भी किया. उन्होंने कार्तिक बाउरी, मनीष कुमार, उषा रानी, आशा देवी व प्रदीप कुमार से मतदाता पर्ची प्राप्ति की जानकारी ली. प्राप्त मतदाता पर्ची का अवलोकन भी किया. लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया. डीइओ ने कहा कि आपका वोट, आपका अधिकार है. सभी अनिवार्य रूप से मतदान करने जाएं. लोकतंत्र को सशक्त बनायें.

मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

डीइओ ने प्राथमिक विद्यालय स्पेशल हरिजन, चास 01 स्थित मतदान केंद्र संख्या 20-01, 20-02, 20-03 व 20-04 का निरीक्षण किया. केंद्र में पेयजल, शौचालय, रैंप, बिजली व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया. संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदान दिवस से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से दुरुस्त व सुव्यवस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >