Bokaro News : सिटी सेंटर में एसी के आउटडोर से तांबा का कूलिंग पाइप चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय

Bokaro News : बोकारो के प्रमुख व्यवसायिक स्थल सिटी सेंटर सेक्टर चार में 15 दिनों से लगातार हो रही चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी, दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से लगायी गुहार.

बोकारो, सिटी सेंटर सेक्टर चार में एयरकंडीशनरों के आउटडोर में लगे तांबा का कूलिंग पाइप चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है. बाजार के आरोमा से इंपायर ट्रेलर तक लाइन में गिरोह का आतंक है. चोरी की घटना 15 दिन से लगातार हो रही है. आरोपी सीसीटीवी में कैद भी हुए हैं. चोरी से बाजार के दुकानदारों के साथ प्लॉटधारी भी त्राहिमाम कर रहे हैं. पुलिस प्रशासन से मदद की गुहार लगायी है. सेक्टर चार थाना में आवेदन देकर इस पर अुकंश लगाने की मांग की गयी है.

बाजार में 1500 से अधिक स्थायी व 2500 से अधिक अस्थाई दुकानें हैं

शहर की ह्रदय स्थली सिटी सेंटर बोकारो का प्रमुख व्यावसायिक स्थल है. यहां 1500 से अधिक स्थायी व 2500 से अधिक अस्थाई दुकानें हैं. रात के लगभग एक से दो बजे के बीच चोरी हो रही है. दुकानदारों के साथ प्लॉटधारियों ने बताया कि चोर लगातार अलग-अलग दुकानों-मकानों को निशाना बनाते हुए कूलिंग पाइप, बिजली का तार समेत अन्य सामान चोरी कर रहे हैं. सीसीटीवी में चोरी करते दिख रहे हैं.

रविवार की रात आधा दर्जन से अधिक दुकानों में हुई चोरी

रविवार की रात चोरों ने आरोमा से इंपायर ट्रेलर तक लाइन में आधा दर्जन से अधिक दुकानों का एसी के आउटडोर से कूलिंग पाइप चोरी कर लिया. शहजादा टेलर का तो दुकान का शटर तक उखाड़ दिया. कई जगह एसी का पाइप सहित बिजली का तार भी चोर काट कर ले गये. दुकानदारों ने बताया : इससे पहले भी चाेरी हो चुकी है. सीसीटीवी में चोरों की उम्र लगभग 15 से 20 वर्ष की दिख रही है.

आठ से 10 हजार रुपये का खर्च

दुकानदारों व प्लॉटधारियों ने बताया कि 15 दिन से यह गिरोह सक्रिय है. इससे उनकी रात की नींद उड़ गयी है. बिजली मिस्त्री के अनुसार, लगभग तीन मीटर कॉपर ट्यूब औसतन एसी में लगा रहता है. चोर इस कॉपर ट्यूब को कबाड़ वाले को बेच देते हैं. बताया कि एक बार एसी के आउटडोर से तांबा का कूलिंग पाइप चोरी का मतलब है, आठ से दस हजार रुपये का खर्च. बाजार में तीन मीटर नये कॉपर ट्यूब की कीमत लगभग चार हजार रुपये होती है. गैस भरवाने में लगभग ढाई हजार रुपये खर्च होते हैं. बिजली व एससी मिस्त्री का खर्च अलग से देना होता है. एसी के कॉपर ट्यूब के चोरों का मनोबल दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है. कारण जिसके यहां चोरी हो रही है, वह थाना-पुलिस के चक्कर से बचने के लिये इसकी शिकायत थाना में नहीं कराता है या करा रहा है.

जल्द ही आरोपियों की होगी गिरफ्तारी

इस संबंध में सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने कहा कि एसी कूलिंग पाइप के चोरी की जानकारी मिली है. सेक्टर चार थाना को गश्ती तेज करने का निर्देश दिया गया है. सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. चोरों को जल्द ही पकड़ लिया जायेगा. आम जनता सहयोग करे. चोरी की घटना दिखे, तो तुरंत थाना को सूचना दें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >