Bokaro News : लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ महोत्सव का भव्य रूप से करें आयोजन : उपायुक्त

Bokaro News : नौ अक्तूबर को महोत्सव की रूपरेखा तैयार करने को लेकर ललपनिया में होगी बैठक, गुरुजी की स्मृति में समर्पित होगा दो दिवसीय महोत्सव.

बोकारो, गोमिया प्रखंड के ललपनिया में लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ महोत्सव को इस वर्ष और अधिक भव्यता व पारंपरिक गौरव के साथ मनाने की तैयारी शुरू हो गयी है. सोमवार को उपायुक्त अजयनाथ झा ने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर महोत्सव की रुपरेखा, प्रबंधन व आयोजन संबंधी दिशा-निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ महोत्सव का भव्य रूप से आयोजन करें. महोत्सव ना केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान भी है. इसलिए इसके आयोजन में पारंपरिकता व आधुनिक प्रबंधन का समन्वय जरूरी है. महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए नौ अक्तूबर को ललपनिया में बैठक होगी. बैठक में विभिन्न विभाग, पूजा आयोजन समिति व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे. महोत्सव के कार्यक्रम निर्धारण, सुरक्षा व्यवस्था, आवागमन, प्रचार-प्रसार व आतिथ्य से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जायेगी. उपायुक्त ने कहा कि दो दिवसीय (04-05 नवंबर) महोत्सव का आयोजन गुरुजी शिबू सोरेन की स्मृति को समर्पित होगा. महोत्सव के दौरान विविध कार्यक्रमों की शृंखला आयोजित की जायेगी. जिनमें आदिवासी ग्रामीण खेल प्रतियोगिता, प्रदर्शनी व स्टाल (स्थानीय उत्पादों), संथाल आदिवासी इतिहास की झलकियां, लाइव पेंटिंग कॉर्नर, सांस्कृतिक कार्यक्रम व साहित्यिक संगोष्ठी आदि शामिल है. उपायुक्त ने कहा कि इन गतिविधियों से आदिवासी संस्कृति, कला व परंपराओं के संरक्षण व प्रसार को प्रोत्साहन मिलेगा. महोत्सव का उद्घाटन व समापन पारंपरिक आदिवासी विधि से किया जायेगा. इस दौरान आदिवासी नृत्य, संगीत, पूजा-पाठ, ढ़ोल – नगारा व सामाजिक एकता के प्रतीकात्मक अनुष्ठान आयोजित होंगे. साथ ही, श्रद्धालुओं व विशिष्ट अतिथियों के स्वागत के लिए विशेष स्मृति चिह्न (मोमेंटो) डिजाइन करने को लेकर भी पीएमयू टीम को निर्देशित किया. मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, जिला पर्यटन पदाधिकारी हेमलता बुन, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, पीएमयू टीम एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >