Bokaro News : बीएसएल : सीएसपी-1 में नवीनीकृत एयर कंप्रेशर का उद्घाटन

Bokaro News : कोक ओवन व कोल केमिकल्स विभाग : नौ जनवरी 2026 को खराब होकर गैर-कार्यात्मक हो गया था एयर कंप्रेशर.

बोकारो, बीएसएल के कोक ओवन व कोल केमिकल्स विभाग के सीएसपी-1 में नवीनीकृत एयर कंप्रेशर का उद्घाटन बुधवार को अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनूप कुमार दत्त ने किया. उल्लेखनीय है कि संयंत्र में इएसपी फ्ल्यू डस्ट का निर्वासन, आरएमपी विभाग के निर्बाध संचालन व सिंटर प्लांट में सिंटर निर्माण प्रक्रिया के लिए अत्यंत आवश्यक है. यह प्रक्रिया सीओ एंड सीसी के सीएसपी-1 में स्थापित एयर कंप्रेसर के माध्यम से संचालित होती है. उपकरण की अधिक आयु व अन्य तकनीकी कारणों के चलते यह एयर कंप्रेसर 09 जनवरी 2026 को खराब होकर गैर-कार्यात्मक हो गया, जिसके परिणामस्वरूप निर्वासन प्रक्रिया बाधित हुई और आरएमपी एवं सिंटर प्लांट के संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने लगा. इस स्थिति से निपटने के लिए मुख्य महाप्रबंधक (यूटिलिटीज) एसआर सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया. सहायक महाप्रबंधक (एसीवीएस) पंकज कुमार व उप प्रबंधक (गैस यूटिलिटीज) आरएन देव के नेतृत्व में एसीवीएस व गैस यूटिलिटीज टीम ने इस समस्या के इन-हाउस समाधान का दायित्व संभाला. टीम द्वारा हॉट स्ट्रिप मिल में उपलब्ध एक निष्क्रिय एयर कंप्रेसर की पहचान की गयी. आंतरिक संसाधनों के माध्यम से उसे पुनः कार्यशील बनाते हुए सीओ एंड सीसी के सीएसपी-1 स्थित कंप्रेसर हाउस में सफलतापूर्वक स्थानांतरित व स्थापित किया गया. इस कार्य के निष्पादन में सेंट्रल मेंटेनेंस, सिंटर प्लांट, हॉट स्ट्रिप मिल, सीओ एंड सीसी, सीईडी एवं आरएमपी विभागों का उल्लेखनीय सहयोग प्राप्त हुआ. साथ ही विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप यह महत्वपूर्ण कार्य रिकॉर्ड समय में पूर्ण किया जा सका. इस उपलब्धि में सेंट्रल मेंटेनेंस (मैकेनिकल) विभाग के एसपी वर्मा व पीके महतो की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही. यह उपलब्धि ना केवल बीएसएल के आरएमपी विभाग में इएसपी प्रणाली के सामान्य व सुचारु संचालन को सुनिश्चित करेगी, बल्कि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के अनुरूप स्टैक उत्सर्जन स्तर बनाए रखने तथा सिंटर प्लांट के लिए आवश्यक फ्लक्स की सतत आपूर्ति सुनिश्चित करने में भी महत्वपूर्ण सिद्ध होगी. मौके पर मुख्य महाप्रबंधक (यूटिलिटीज) एसआर सिंह, मुख्य महाप्रबंधक (मैकेनिकल) प्रकाश कुमार, मुख्य महाप्रबंधक (सिंटर प्लांट) पी चौधरी, मुख्य महाप्रबंधक (सीओ एंड सीसी) बी प्रसाद, महाप्रबंधक (आरएमपी) एमके सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे. महिला कर्मियों के लिए बायो-टॉयलेट की सुविधा : संयंत्र के अंदर शॉप फ्लोर में कार्यरत महिला कर्मियों के लिए नवीनतम तकनीक युक्त बायो टॉयलेट उपलब्ध कराये जा रहे हैं. इस कड़ी में पहला बायो-टॉयलेट बुधवार को कोल्ड रोलिंग मिल – 1 & 2 विभाग में उपलब्ध कराया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >