Bokaro News : बोकारो को सुरक्षित, संवेदनशील व जिम्मेदार जिला बनाने के लिए लें संकल्प : उपायुक्त

Bokaro News : बोकारो में सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत, आमजनों से 10 लोगों को जागरूक करने का आग्रह.

बोकारो, सड़क दुर्घटना में कमी लाने व यातायात नियमों के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के लिए सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर गुरुवार को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह की शुरुआत हुई. उपायुक्त अजय नाथ झा, उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार व जिला परिवहन पदाधिकारी मारुति मिंज ने नया मोड़ से हरी झंडी दिखाकर तीन सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को रवाना किया. रथ जिले के विभिन्न प्रखंड का भ्रमण कर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगी. उपायुक्त ने कहा कि बोकारो को सुरक्षित, संवेदनशील व जिम्मेदार जिला बनाने के लिए सभी संकल्प लें. सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानव जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है. थोड़ी-सी सावधानी खुद को व दूसरे व्यक्ति को सुरक्षित घर पहुंचाने में सहायक बन सकती है.

अनियंत्रित गति दुर्घटनाओं का मुख्य कारण

उपायुक्त ने कहा कि सड़क अनियंत्रित गति के लिए नहीं है. तेज रफ्तार, लापरवाही व नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं. वाहन चलाने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना जिम्मेदारी व अनुशासन का प्रतीक है. हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा व ट्रैफिक सिग्नल का पालन सभी के लिए अनिवार्य है.

समाज के हर वर्ग की सहभागिता जरूरी

उपायुक्त ने आमजनों से इस एक माह में कम से कम 10 लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की. उन्होंने कहा कि जब तक समाज का हर वर्ग सहभागी नहीं बनेगा, तब तक सड़क दुर्घटनाओं में अपेक्षित कमी संभव नहीं है.

सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान को दें गति

उपायुक्त ने आम नागरिकों से सड़क सुरक्षा से संबंधित सेल्फी व फोटो सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करने व #BokaroSeJohar व #RoadSafetyBokaro हैशटैग का उपयोग कर इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने की अपील की.

विभिन्न गतिविधियां की जायेंगी आयोजित : डीटीओ

जिला परिवहन पदाधिकारी मारूति मिंज ने कहा कि जनवरी 2026 को ‘जीरो फेटेलिटी मंथ’ के रूप में मनाने का संकल्प लिया गया है. इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु व गंभीर चोटों को शून्य के करीब लाना है. डीटीओ ने कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जिला में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जायेगी. सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली व जन-संवाद कार्यक्रम, वाहन चालक व परिवहन कर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने, हेलमेट व सीट बेल्ट उपयोग पर विशेष अभियान, स्कूल व कॉलेज में सड़क सुरक्षा कार्यशाला व शपथ कार्यक्रम, ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधारात्मक कार्रवाई, व्यावसायिक वाहन चालकों की काउंसलिंग व प्रशिक्षण, गुड समैरिटन पॉलिस व सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार का प्रचार-प्रसार आदि होंगे.

प्रशिक्षु आइएएस पदाधिकारी भी रहे उपस्थित

मौके पर बोकारो परिभ्रमण पर पहुंचे 10 प्रशिक्षु आइएएस पदाधिकारी शोभिका पाठक, ताशी तेनजिन, सिद्धार्थ सिंह, आकाश गर्ग, पेलना वांगचुक, पवित्रा पी, माधव अग्रवाल, दिव्यांक गुप्ता, दीपक कुमार, सोनम नोरबू सहित ट्रैफिक डीएसपी श्री विद्या शंकर, जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा पीयूष, जिला खेल पदाधिकारी हेमलता बुन, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी शक्ति कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह, सड़क सुरक्षा टीम के सदस्य व अन्य मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

ANAND KUMAR UPADHYAY is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >