Bokaro News : एयरपोर्ट संचालन के सभी कार्य नवंबर के प्रथम सप्ताह तक करें पूरा : उपायुक्त

Bokaro News : बोकारो एयरपोर्ट संचालन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक, दिये कई दिशा-निर्देश.

बोकारो, समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में मंगलवार को उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में बोकारो एयरपोर्ट संचालन से संबंधित प्रगति कार्यों की समीक्षा बैठक हुई. उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार व जिला प्रशासन स्तर से किये जाने वाले सभी शेष कार्य नवंबर के प्रथम सप्ताह तक हर हाल में पूरा कर लिये जायें, ताकि एयरपोर्ट संचालन शीघ्र शुरू किया जा सके. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के संचालन से बोकारो व आसपास के क्षेत्रों में आर्थिक, औद्योगिक एवं पर्यटन विकास को नयी गति मिलेगी. इससे पहले उपायुक्त ने विभिन्न कार्यों की प्रगति की क्रमवार जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया.

एयरपोर्ट परिसर की झाड़ियां 15 अक्तूबर तक साफ करने का निर्देश

उपायुक्त ने बीएसएल प्रबंधन को निर्देश दिया कि एयरपोर्ट परिसर में मौजूद झाड़ियों को 15 अक्तूबर तक पूर्ण रूप से साफ किया जाये, जिससे रनवे, एप्रन और दोनों कंट्रोल टावर की विजिबिलिटी में कोई बाधा नहीं रहे. उन्होंने कहा कि 15 के बाद पुलिस-जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा स्थल निरीक्षण कर विजिबिलिटी की स्थिति की जांच की जायेगी और निरीक्षण के लिए रांची की टीम को आमंत्रित करेगी.

एलोरा हॉस्टल को अतिक्रमण मुक्त कर ध्वस्त करे बीएसएल प्रबंधन

उपायुक्त ने कहा कि बीएसएल प्रबंधन एलोरा हॉस्टल परिसर को अविलंब अतिक्रमण मुक्त कराते हुए उसे विधिवत ध्वस्त करें. इसके लिए प्रशासन द्वारा सहयोग दिया जायेगा. उन्होंने कहा कि यह कार्य एयरपोर्ट परिसर के विस्तार और सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सतनपुर पहाड़ी पर लाइटिंग की खरीद एवं अधिष्ठापन कार्य आगामी 15 दिनों में पूर्ण किया जाये.

दूंदीबाद स्थित बूचड़खानों की शिफ्टिंग दीपावली बाद शुरू हो

उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि दूंदीबाद स्थित बूचड़खानों की शिफ्टिंग की कार्रवाई दीपावली बाद शुरू की जाये, ताकि एयरपोर्ट संचालन के लिए लाइसेंस प्राप्त करने में आ रही बाधा दूर हो. बैठक में उपायुक्त ने सुरक्षा एवं आपातकालीन सेवाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कहीं.

ये थे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, अपर समाहर्ता मो मुमताज अंसारी, सिविल सर्जन डाॅ एबी प्रसाद, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा , डीसीएलआर प्रभाष दत्ता, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआइ) रांची के उप महाप्रबंधक मनोज सिंह, जिला जन संपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, बीएसएल के एवीएशन मुख्य महाप्रबंधक प्रदीप कुमार, जिला अग्निशमन पदाधिकारी भगवान ओझा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >