बोकारो, समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में बुधवार को कृषि के क्षेत्र में नवाचार के विषय पर बैठक आयोजित की गयी. अध्यक्षता डीसी विजया जाधव ने की. इसमें क्विनोआ, स्पिरुलिना और चिया बीज जैसे उच्च मूल्य वाले सुपरफूड की पायलट खेती पर चर्चा की गयी. डीसी ने बताया कि बोकारो के किसानों के पास सीमित कृषि भूमि और संसाधन हैं. इसलिए उन्हें ऐसी फसलों की ओर रुख करना चाहिए, जो कम लागत में अधिक लाभ प्रदान करें, जिसकी बाजार में उनकी अच्छी मांग हो.
प्रशासन, विभिन्न भागीदारों के सहयोग से सुपरफूड की खेती की बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे स्वास्थ्य और आर्थिक विकास दोनों को बल मिलेगा. इस पहल का उद्देश्य बोकारो में महिलाओं और बच्चों में व्याप्त कुपोषण की समस्या को दूर करना और किसानों को कम जल की आवश्यकता वाले लाभदायक फसलों की खेती के लिए प्रेरित करना है.कृषि विज्ञान केंद्र पेटरवार ने 80 डिसमिल भूमि पर चिया बीज की खेती को पाया संतोषजनक
कृषि विज्ञान केंद्र पेटरवार की ओर से चिया बीज की पायलट खेती के सफल परिणामों पर चर्चा की गयी. वर्तमान में केवीके पेटरवार ने 80 डिसमिल भूमि पर चिया बीज की खेती की है. इसके विकास को संतोषजनक पाया गया है. ये बीज अब रांची में बेचे जा रहे हैं. खरीदार के साथ समझौता ज्ञापन के माध्यम से ऑनलाइन बिक्री शुरू करने की प्रक्रिया में है. इस सफलता को देखते हुए पेटरवार में इस वर्ष 10 एकड़ भूमि में चिया बीज की खेती का विस्तार करने का लक्ष्य रख रहा है. जिसमें प्रगतिशील किसानों और किसान उत्पादक संगठनों की भागीदारी होगी.कसमार, पेटरवार व जरीडीह प्रखंडों में एक व्यापक योजना की जा रही तैयार
बोकारो में कई किसान और एफपीओ कार्यरत हैं, जिनमें से कई को कृषि स्मार्ट गांवों के तहत संगठित किया गया है. इसके अलावा, जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट के माध्यम से सोलर लिफ्ट सिंचाई इकाइयों जैसी सिंचाई सुविधाएं भी स्वीकृत की गयी हैं. इस अनुकूल वातावरण को देखते हुए, क्विनोआ, स्पिरुलिना और चिया बीज की खेती के लिए कसमार, पेटरवार और जरीडीह प्रखंडों में एक व्यापक योजना तैयार की जा रही है तथा प्रायोगिक तौर पर उसकी खेती की शुरुआत हो रही है. इस संदर्भ में डीसी विजया जाधव ने संबंधित पदाधिकारियों को मृदा परीक्षण, किसानों के मध्य व्यापक प्रचार प्रसार तथा बेहतर विपणन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी, एनजीओ विशेषज्ञ व जेएसएलआइपीएस के जिला परियोजना प्रबंधक उपस्थित थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
