Bokaro News : गोमिया के बीडीओ महादेव कुमार महतो व सीओ आफताब आलम ने पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो के विधायक निधि से गोमिया प्रखंड में विभिन्न एजेंसियों को दी गयी पांच एंबुलेंस की बुधवार को जांच की. यह एंबुलेंस जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वितरित की गयी थी. प्रखंड के विभिन्न स्थानों पर संचालित इन एंबुलेंसों में हुरलुंग के रोहित पटेल, बड़की सिधाबारा के रीतलाल महतो, चुटे के गणेश महतो, स्वांग के मां शारदे सेवा सदन के किशोर स्वर्णकार, हजारी के एनजीओ ऐम ट्रस्ट के दिनेश राम शामिल हैं. इन एंबुलेंसों के सही संचालन की जांच के लिए बीडीओ और सीओ ने प्रखंड परिसर में बुधवार को संचालकों से पूछताछ की. इस दौरान लॉग बुक, सर्विसिंग रिकॉर्ड और मरीजों के परिवहन की जांच की गयी. बीडीओ ने बताया कि ये एंबुलेंस जिला नजारत की ओर से उपलब्ध करायी गयी है. वर्तमान में एंबुलेंस की उपयोगिता की समीक्षा की जा रही है. उन्होंने संचालकों को समय-समय पर एंबुलेंस का रखरखाव, सर्विसिंग और लॉग बुक मेंटेनेंस रखने का निर्देश दिया, ताकि इनका लाभ जरूरतमंद मरीजों को मिल सके. इस जांच के बाद चेतावनी दी गयी कि यदि कोई एंबुलेंस सही तरीके से संचालित होते नहीं पायी गयी तो कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
