नावाडीह प्रखंड के ऊपरघाट क्षेत्र में बनकटवा मोड़ स्थित बजरंगबली स्थान से केंदैया मोड़ तक करीब दो किलोमीटर मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं. वहीं, मुख्य पुलिया के करीब दो माह से क्षतिग्रस्त रहने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. शनिवार की अहले सुबह इसी क्षतिग्रस्त पुलिया में एक वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया, जिससे बरई निवासी युवक राहुल साव हादसे में बाल-बाल बच गया.
सामान लेकर जा रहा था युवक, पुलिया में गिरा वाहन
बताया गया कि राहुल साव शनिवार की सुबह वाहन से सामान लेकर उक्त मार्ग से गुजर रहा था. इसी दौरान पुलिया के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास वाहन अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया. हादसे में राहुल को गंभीर चोट लगने से बाल-बाल बच गया. युवक के वाहन समेत पुलिया में गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे.
ग्रामीणों ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाला
राहुल साव को पुलिया में गिरा देखकर राधेश्याम साव, अजय साव, बालेश्वर रजक और रूपेश महतो तत्काल मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने प्रयास कर युवक को वाहन से बाहर निकाला. घटना के बाद ग्रामीणों में सड़क और पुलिया की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी देखी गयी. लोगों का कहना है कि पुलिया की मरम्मत समय पर नहीं होने के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
शीघ्र मरम्मत की मांग
आजसू नेता दीपू अग्रवाल ने सड़क और पुलिया की स्थिति को लेकर नावाडीह के बीडीओ तथा बोकारो उपायुक्त से शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है और लंबे समय से सड़क की स्थिति खराब रहने से लोगों को परेशानी हो रही है. मौके पर धनेश्वर तुरी, राहुल साव, सुनील मंडल और संतोष अग्रवाल समेत अन्य लोग मौजूद थे.
