Bokaro News : जिले के सभी प्रखंडों में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय व झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में बालिकाओं के नामांकन के लिए प्रक्रिया आरंभ है. नामांकन के लिए पंजीकरण ऑनलाईन माध्यम से http://transformingbokarokgbv.com पोर्टल पर किया जा सकता है, अथवा सरकारी मध्य विद्यालय से निःशुल्क आवेदन प्राप्त कर संबंधित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में जमा किया जा सकता है. आवेदन हेतु अंतिम तिथि सात मार्च तक विस्तारित की गई है. जो पहले दिनांक 28 फरवरी निर्धारित थी. नामांकन के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक मुस्लिम एवं गरीबी रेखा से नीचे बसर करने वाले परिवार के बालिकाओं के लिए सीटें आरक्षित है. नामांकन में ड्रॉप आउट,अनाथ, एकल माता-पिता, सुदूरवर्ती क्षेत्र, आदिम जनजाति समूह, बाल श्रम से प्रभावित एवं नक्सल प्रभावित परिवार / क्षेत्र के बालिकाओं का प्राथमिकता दी जाएगी. कस्त्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में कक्षा 12 तक निःशुल्क शिक्षण, आवासन (छात्रावास), भोजन एवं पोशाक की व्यवस्था है. विद्यालय में नामांकित सभी बालिकाओं को छात्रवृत्ति दी जाती है. विद्यालय में योग्य शिक्षिका, कम्प्यूटर शिक्षा, खेलकुद की सुविधा, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, व्यवसायिक शिक्षा, कैरियर काउंसलिंग जैसी सुविधाएँ निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है. डीसी विजया जाधव ने अभिभावकों से अपील किया है कि जरूरतमंद बालिकाओं के नामांकन हेतु उपर्युक्त अंकित पोर्टल के माध्यम से अथवा आवेदन प्रपत्र के माध्यम से अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन कराएं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
