बोकारो से मुकेश झा की रिपोर्ट
Bokaro News : बोकारो जिले के बेरमो पांच नंबर धौड़ा स्थित अमलो रेलवे साइडिंग में 29 मई शुक्रवार देर रात हुई मारपीट की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. इस घटना में 25 वर्षीय गर्भवती दलित महिला अनीता देवी की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. वहीं स्थानीय लोगों में भी गहरा आक्रोश व्याप्त है. परिजनों ने मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है.
कोयला लाने गई महिलाओं से मारपीट का आरोप
मृतका के पति महेश भुइयां ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी अनीता देवी जलावन के लिए रेलवे साइडिंग से कोयला लाने गई थी. इसी दौरान कथित रूप से कोयला माफिया संतोष साव गिरोह से जुड़े कुछ लोगों ने अनीता देवी और एक अन्य महिला पूनम देवी के साथ मारपीट शुरू कर दी.
19 लोगों पर महिला से बेरहमी से मारपीट का आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि बबलू कुमार, सुरेश भुइयां, सुनील भुइयां, सुरेंद्र भुइयां और वीरेंद्र कुमार सहित कुल 19 लोगों ने उनकी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की. महेश भुइयां के अनुसार मारपीट के दौरान अनीता देवी जमीन पर गिर पड़ीं. जिसके बाद वहां मौजूद कई पुरुषों और महिलाओं ने मिलकर उनके साथ कथित रूप से मारपीट की गई. गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तत्काल केंद्रीय अस्पताल ढोरी ले जाया गया.
महिला की मौत के बाद सड़क जाम, छह आरोपी गिरफ्तार
चिकित्सक डा. राहुल रंजन ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद बेरमो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए तेनुघाट भेज दिया. पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है. घटना के तुरंत बाद आनन फानन में बेरमो पुलिस के द्वारा महिला का पोस्टमार्टम किए जाने को लेकर गुस्सा भड़क उठा, लोगों ने सड़क जाम कर दिया. इसके बाद धनबाद के भाजपा सांसद ढुलू महतो ,डुमरी विधायक जयराम महतो मौके पर पहुंचे और फिर से महिला का पोस्टमार्टम कराने की मांग की. इस दौरान सांसद ने प्रशासन पर कई गंभीर आरोप भी लगाया. राजनीतिक दबाव के कारण देर रात पुलिस ने 6 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
परिजनों ने बताया
परिजनों ने बताया कि अनीता देवी चार माह की गर्भवती थी. उनकी मौत के साथ ही गर्भ में पल रहे शिशु की भी मौत हो गई. अनीता अपने पीछे चार वर्ष की एक बेटी और डेढ़ वर्ष के एक बेटे को छोड़ गई हैं. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
यह भी पढ़ें: झारखंड में बड़ी सफलता: 5 लाख के इनामी और ‘झांगुर ग्रुप’ का सरगना रामदेव उरांव ने दो साथियों संग किया सरेंडर
यह भी पढ़ें: रांची के नामकुम ग्रिड में मरम्मत से रविवार को 3 घंटे गुल रहेगी बत्ती, मेन रोड-बरियातू समेत कई इलाके प्रभावित
