Bokaro News : गोमिया प्रखंड के स्वांग दक्षिणी पंचायत अंतर्गत वन बी हजारी मोड़ के पास एग्जिक्यूटिव हॉस्टल के निकट कथारा-गोमिया मुख्य सड़क पर रविवार की शाम तेज आंधी-बारिश के दौरान सड़क किनारे एक विशाल पेड़ बीच सड़क पर गिर गया, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया. करीब डेढ़ से पौने दो घंटे तक सड़क बाधित रहने के कारण दोनों ओर एक से डेढ़ किलोमीटर तक छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गयी. यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सूचना मिलते ही स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता सह होम गार्ड मंटू यादव, अंबाटांड़ और गर्वाडीह गांव के आधा दर्जन युवा मौके पर पहुंचे. उन्होंने मथुरा यादव से जेसीबी मशीन मंगवायी और कड़ी मशक्कत के बाद पेड़ को सड़क से हटाकर आवागमन सुचारू कराया. इस दौरान गोमिया थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और यातायात व्यवस्था संभाली. स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी सड़क पर आंधी-बारिश के कारण छोटे-बड़े करीब एक दर्जन पेड़ व सूखी डालियां भी गिरे थे. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात से पहले सड़क किनारे खड़े जर्जर व सूखे पेड़ों की पहचान कर उन्हें हटाया जाये, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके. मौके पर मंटू यादव होम गार्ड, लखन यादव, अभिषेक यादव, मानु यादव, राहुल यादव, रवि यादव आदि मौजूद थे.
Bokaro News : आंधी-बारिश से कथारा-गोमिया मुख्य सड़क पर गिरा विशाल पेड़
Bokaro News : दो घंटे यातायात बाधित, लगी वाहनों की कतार
