बोकारो : झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारी में भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना नहीं चाहती है. मिशन 65 प्लस के तहत भाजपा की हाइ लेवल बैठक बुधवार को बोकारो निवास में हुई. तीन दिवसीय बैठक में प्रदेश के 10 विधानसभा की कोर कमेटी की चुनाव संबंधी तैयारी की समीक्षा की गयी.
राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह व प्रदेश महामंत्री अनंत ओझा ने कहा : केंद्रीय अध्यक्ष अमित शाह की ओर 65 प्लस का टारगेट दिया गया है. साथ ही सदस्यता अभियान चलाकर पार्टी को हर स्तर पर मजबूत करने का दिशा-निर्देश प्राप्त है. जानकारी के अनुसार पहले दिन झरिया, निरसा, टुंडी व सिंदरी की कोर कमेटी की बैठक हुई.
दूसरे दिन यानी गुरुवार को बेरमो, बाघमारा, चंदनकियारी व धनबाद कमेटी की बैठक होगी. अंतिम दिन गोमिया व बोकारो विधानसभा कमेटी की बैठक होगी. बैठक व वरीय पदाधिकारी से मुलाकात को लेकर पूरे दिन बोकारो निवास में भाजपा कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा. बैठक में कोर कमेटी के अलावा किसी को प्रवेश नहीं मिला.
बोकारो निवास में बोकारो विधायक बिरंची नारायण, बेरमो विधायक योगेश्वर प्रसाद महतो बाटूल, चंदनकियारी विधायक सह मंत्री अमर कुमार बाउरी, बोकारो जिलाध्यक्ष बिनोद महतो, वीरभद्र सिंह, बिंदा सिंह, मयंक सिंह, कुंज बिहारी पाठक, वासुदेव मिश्रा व अन्य नेता मौजूद थे.
लोकतांत्रिक तरीके से उम्मीदवार का फैसला होगा : अनंत ओझा
बोकारो : पत्रकारों से बात करते हुए अनंत ओझा ने कहा : भाजपा कार्यकर्ता समर्पित पार्टी है. कार्यकर्ताओं का सम्मान होता है. अगर कोई कार्यकर्ता किसी विधानसभा सीट से उम्मीदवारी पेश करता है, तो लोकतांत्रिक तरीके से फैसला होगा.
सुयोग्य उम्मीदवार पर पार्टी विचार करती है. भाजपा नेता धर्मवीर सिंह की ओर से बोकारो विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा के बारे में जब उनसे पूछा गया, तो उन्होंने कहा : ऐसी कोई जानकारी नहीं है. अनुशासनात्मक तरीके से उठायी गयी मांग पर पार्टी विचार करेगी.
