ऊपरघाट/बोकारो थर्मल : भाकपा माओवादियों के एक जत्था ने शनिवार की रात बेरमो अनुमंडल के पेंक-नारायणपुर एवं बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के कई स्थानों पर बैनर-पोस्टर टांग कर अपनी उपस्थिति दर्ज करायी है. पेंक-नारायणपुर थाना के बुडगड्डा, कंजकिरो, पिलपिलो, पलामू, गोनियाटो व पेंक तथा बोकारो थर्मल के सीसीएल गोविंदपुर कॉलोनी की दीवारों पर पोस्टरिंग से लोगों में दहशत है.
पोस्टर में माओवादियों ने अपने संस्थापक स्व चारु मजूमदार, कन्हाई चटर्जी, कसिल्वे सरदार, चंदन यादव, प्रमोद महतो, डेविड महतो सहित तमाम शहीद साथियों को श्रद्धांजलि देते हुए लाल सलाम लिखा है़ इधर, उग्रवाद प्रभावित ऊपरघाट में दो शीर्षस्थ माओवादी नेता समर व अजय दा के नेपाली दस्ता की सक्रियता की सूचना है. पुलिस के वरीय अधिकारियों को भी इसकी भनक लगी है. ऊपरघाट के सीआरपीएफ व पुलिस जवानों ने गिरफ्तार नक्सली को लेकर घेराबंदी करने के साथ-साथ छापेमारी अभियान भी शुरू कर दिया है.
अजय अपने दस्ता के साथ कर रहा एस्कार्ट : इस बाबत खुफिया विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है. बताया जाता है कि झारखंड, बिहार व ओड़िशा की संयुक्त कमेटी के शीर्षस्थ माओवादी अनमोल दा उर्फ लालचंद उर्फ समर दा के साथ जोनल कमांडर अजय महतो अपने दस्ते के साथ ऊपरघाट में कमान संभाले हुए हैं.
पुलिस को ऐसी सूचना है कि शहीदी सप्ताह को लेकर क्षेत्र के अपने पुराने साथियों के साथ दस्ता बैठक कर रहा है. पुलिस के वरीय अधिकारियों ने ऊपरघाट के पेंक-नारायणपुर पुलिस को पूरी एहतियात बरतने का निर्देश दिया है. बताया जाता है कि समर दा ऊपरघाट का रहने वाला है. वह अपने रिश्तेदारों से बहुत दिन बाद मिलने पहुंचा है. इसका एस्कॉर्ट जोनल कमांडर अजय महतो एवं उनका दस्ता कर रहा है. हालांकि पुलिस ने इसमें कुछ भी बताने से इंकार किया है.
झारखंड-बिहार में तीन को नक्सलियों का बंद
विदित हो कि 28 जुलाई से तीन अगस्त तक भाकपा माओवादियों द्वारा शहीद सप्ताह मनाया जा रहा है. इसके तहत माओवादियों ने बैनर-पोस्टर टांग कर क्षेत्र में अपनी मौजूदगी का एहसास कराया है़ माओवादियों ने तीन अगस्त को बिहार-झारखंड बंद का आह्वान किया है.
शहीद सप्ताह को लेकर प्रशान अलर्ट
गोमिया. भाकपा माओवादी संगठन के शहीद सप्ताह को लेकर प्रशासन अलर्ट है. माओवादी अपनी उपस्थिति को दर्ज करने व शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कहीं भी कोई अप्रिय घटना का अंजाम दे सकते हैं. शहीद सप्ताह को लेकर गोमिया प्रखंड के उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र में माओवादियों के खिलाफ प्रशासन लगातार सर्च अभियान चला रहा है. किसी भी स्थिति से निपटने को पुलिस मुस्तैद है. मालूम हो कि माओवादी 28 जुलाई से तीन अगस्त तक प्रत्येक वर्ष शहीद सप्ताह मनाते हैं.
