बोकारो: नयी दिल्ली में सेल निदेशक मंडल की बैठक गुरुवार को नयी दिल्ली में हुई. इसमें बोकारो इस्पात संयंत्र सहित सेल की सभी इकाइयों के उत्पादन व उत्पादकता पर चर्चा हुई. साथ ही इस्पात उद्योग को राष्ट्रीय व अंतर राष्ट्रीय बाजार में बढ़ावा देने के लिए विचार विमर्श किया गया. बीएसएल सहित सेल की विभिन्न इकाइयों में चल रहे आधुनिकीकरण व विस्तारीकरण की वर्तमान स्थिति पर आकलन किया गया.
सेफी काउंसिल की बैठक में अधिकारियों की मांगों पर चर्चा : नयी दिल्ली में सेफी काउंसिल की बैठक गुरुवार को हुई. इसमें अधिकारियों की मांगों पर विस्तार पूर्वक चर्चा हुई. बैठक में भाग लेने नयी दिल्ली गये बोकारो स्टील ऑफिसर्स एसोसिएशन (बोसा) के अध्यक्ष एके सिंह ने बताया : पे-रीविजन, वेतन विसंगति, पेंशन, लीव इनकैशमेंट आदि पर सेफी काउंसिल की बैठक में विस्तार से चर्चा हुई. अधिकारियों के लंबित मांगों को पूरा करने के लिए सेफी काउंसिल की बैठक में आगे की रणनीति तैयार की जायेगी.
सेल सेफी की बैठक आज : नयी दिल्ली में सेल सेफी की बैठक 22 दिसंबर को होगी. बोसा के अध्यक्ष एके सिंह ने बताया कि सेल सेफी की बैठक में बीएसएल सहित सेल के अधिकारियों की लंबित डिमांड को गंभीरता पूर्वक रखा जायेगा. साथ ही गुरुवार को संपन्न हुई सेफी काउंसिल की बैठक में तैयार की गयी रणनीति के अनुसार सेल अधिकारियों से चर्चा की जायेगी. बैठक में सेफी के अधिकारियों के साथ-साथ सेल के अधिकारी भी शामिल होंगे.
