बोकारो का पंकज डीएसपी बन धनबाद में कर रहा था वसूली
बोकारो/धनबाद. बैंक मोड़ पुलिस ने सड़क पर साइकिल से कोयला ढो रहे लोगों से पैसा वसूली और मारपीट के आरोप में मंगलवार की सुबह चार बजे बोकारो के फर्जी डीएसपी और उसके फर्जी बॉडीगार्ड को गिरफ्तार कर लिया. फर्जी डीएसपी ने अपना नाम पंकज कुमार सिंह उर्फ बंटी, पिता स्व. भुनेश्वर प्रसाद सिंह, पता बोकारो […]
बोकारो/धनबाद. बैंक मोड़ पुलिस ने सड़क पर साइकिल से कोयला ढो रहे लोगों से पैसा वसूली और मारपीट के आरोप में मंगलवार की सुबह चार बजे बोकारो के फर्जी डीएसपी और उसके फर्जी बॉडीगार्ड को गिरफ्तार कर लिया. फर्जी डीएसपी ने अपना नाम पंकज कुमार सिंह उर्फ बंटी, पिता स्व. भुनेश्वर प्रसाद सिंह, पता बोकारो को-ऑपरेटिव कॉलोनी प्लॉट नंबर-304, बीएस सिटी थाना बताया.
जबकि फर्जी बॉडगार्ड चंदन सिन्हा उर्फ रजनीश सिन्हा, पिता मंतोष श्रीवास्तव, पेटरवार, नियर मनमालम होटल महिंद्रा ट्रैक्टर शोरूम के पास का रहने वाला है. पुलिस ने फर्जी डीएसपी की लग्जरियस कार निसान टेरानो (जेएच 10 एटी 4226) जब्त कर ली है.
गाड़ी पर पुलिस का बोर्ड लगा था. गाड़ी पंकज के नाम से ही है. पंकज सिंह मूलत: बिहार के महाराजा शाहपुर, भोजपुर का रहनेवाला है. एएसआइ सुनील कुमार सिंह की शिकायत पर बैंक मोड़ थाना में दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. जालसाजी करने, रंगदारी करने व सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप है. दोनों को धनबाद जेल भेज दिया गया है.
… इस तरह पकड़े गये दोनों
फर्जी डीएसपी अपनी कार से कुछ दिनों से मटकुरिया चेक पोस्ट से नया बाजार ओवरब्रिज तक आधी रात बाद साइकिल से बोरों में भरकर कोयला ले जाने वालों से वसूली करता था. रौब दिखाने के लिए फर्जी बॉडी गार्ड भी साथ होता था. साइकिल चालकों से पांच-पांच सौ रुपये वसूली की जाती थी. मंगलवार की तड़के दोनों ने साइकिल से कोयला ले जा रहे कई लोगों से पांच-पांच सौ रुपये लिये. नयी दिल्ली धनसार मुहल्ला निवासी विपिन कुमार से भी पांच सौ रुपये मांगे गये. विपिन ने कहा कि उसके पास मात्र दो सौ रुपये हैं. फर्जी डीएसपी-बॉडीगार्ड उससे मारपीट करने लगे. इसके बाद दोनों विपिन को पकड़ कर बैंक मोड़ थाना ले गये. फर्जी बॉडीगार्ड ने विपिन को थाना सिरिस्ता में पहुंचा दिया. बैंक मोड़ थाना में ओडी अफसर एएसआइ सुनील कुमार सिंह को फर्जी बॉडी गार्ड ने कहा कि डीएसपी साहब बुला रहे हैं. ओडी अफसर बाहर निकले और फर्जी डीएसपी को सैल्यूट मारा. फर्जी डीएसपी ने कहा कि सीजर लिस्ट बनायें और एफआइआर करें. इसके बाद फर्जी डीएसपी अपने फर्जी बाडीगार्ड के साथ निकल गया. इधर थाना में विपिन से ओडी अफसर को शंका हुई कि डीएसपी स्तर के अफसर तो ऐसा नहीं करेंगे.
12 लाख के आभूषण मिले
फर्जी डीएसपी पंकज कुमार सिंह सोने के अभूषणों से लदा था. उसके पास से चार सोने की चेन, एक ब्रासलेट, छह सोने की अंगूठी, दो मोबाइल, पर्स में सात हजार रुपये आदि मिले हैं.
एएसआइ को दी धमकी
ओडी अफसर पुलिस बल के साथ विपिन को लेकर थाना से निकले तो देखा कि दोनों रे टॉकिज के समीप साइकिल वालों से वसूली कर रहे हैं. एएसआइ ने पूछताछ की तो फर्जी डीएसपी हत्थे से उखड़ गया. कहा-पहचानते नहीं हो तुम…बैच पूछेगा… वरदी उतरवा देंगे. फलां डीआइजी साहब के भाई हैं और बोकारो के डीएसपी भी हैं. एएसआइ ने आइ कार्ड मांगा तो दोनों अपनी कार से भागने लगे. ओडी अफसर ने पुलिस बल के साथ कार समेत दोनों को धर दबोचा. दोनों नशे में भी थे.