पूर्व सांसद सह पूर्व मंत्री सुबोधकांत सहाय ने की प्रेस बात
बोकारो : झारखंड मोमेंटम जनता को बेवकूफ बनाने का जरिया है. अभी तक एक भी योजना धरातल पर नहीं उतरी है. यह आम लोगों के पैसा से किये जाने वाले अय्याशी का प्रतीक मात्र है. यह बात पूर्व मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कही. श्री सहाय शुक्रवार को सेक्टर 04 स्थित बोकारो जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे. कहा : मोमेंटम से राज्य के राजस्व को नुकसान हुआ है.
मोमेंटम में हुई गड़बड़ियों की जांच हो : श्री सहाय ने कहा : झारखंड मोमेंटम में कई प्रकार की गड़बड़ियां सामने आयी है. सभी मामलों की सीटिंग न्यायाधीश के जरिये जांच हो. इसके बाद राज्य सरकार की काली करतूत सामने आयेगी. कहा : केंद्र व राज्य में भाजपा की सरकार बनने से उद्योग-धंधों के खराब दिन शुरू हो गये हैं. इस्पात उद्योग ठप है, कोयला खदान बंद हो रहा है, निवेश के नाम पर कुछ हो नहीं रहा है. लोगों ने वर्तमान सरकार से उम्मीद भी छोड़ दी है.
50 प्रतिशत तक कमीशन तय : श्री सहाय ने कहा : राज्य सरकार पदाधिकारी व ठेकेदार के गिरोह के साथ काम कर रही है. भ्रष्टाचार चरम पर है. हर काम के लिए अधिकारियों का 50 प्रतिशत तक कमीशन तय है. सरकार सिर्फ अपने मन की बात करना जानती है. नोटबंदी व जीएसटी इसी का परिणाम है. दोनों फैसलों से रोजगार के अवसर कम हो गये. कई फैक्ट्री बंद हो गयी, करोड़ो लोग बेरोजगार हो गये. किसानों की स्थिति खराब हो गयी.
सरकारी प्रतिष्ठान को प्राइवेट हाथ में देने की साजिश
श्री सहाय ने कहा : सरकार पूंजीपतियों के इशारा पर काम कर रही है. इसी के तहत सरकारी प्रतिष्ठानों को तबाह करने की साजिश की जा रही है. कोयला व इस्पात सेक्टर संकंट के दौर से गुजर रहा है. सरकार की नीतियां इन सेक्टर को उबरने का मौका नहीं दे रही है. कहा : गुजरात में कांग्रेस की सरकार बनेगी. सभी एक्जिट पोल फेल साबित होगा. 18 दिसंबर को गुजरात में हाथ का साथ होगा. मौके पर पूर्व विधायक मन्नान मलिक, बोकारो जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मंजूर अंसारी, युवा कांग्रेस की श्वेता सिंह, इसारफिल अंसारी, एबी राय, अशोक कुमार श्रीवास्तव, मनोत कुमार, सत्येंद्र यादव, जितेंद्र यादव, रवि कुमार, कमरूल हसन, जुबिल अहमद, सब्बीर रता, जमील अख्तर समेत कई मौजूद थे.
