बोकारो: आजादी के बाद लगभग 550 देशीय रियासतों को भारत में शामिल करने में सरदार पटेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. भारत सरकार ने उन्हें एकता का प्रतीक माना है. उनकी प्रेरणा ने ही देश को एकता की सूत्र में बांध कर रखा है. उक्त बातें गिरिडीह के सांसद रवींद्र पांडेय ने मंगलवार को जिला प्रशासन द्वारा सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में कही. कहा : वर्तमान सरकार देश को एक सूत्र में रखते हुये आर्थिक समृद्धि के मार्ग पर ले जाने में महत्ती भूमिका निभा रही है. उन्होंने जिला, राज्य व देश के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की. सभा स्थल पर उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्रीय एकता शपथ के साथ-साथ स्वच्छता शपथ दिलायी.
राष्ट्रीय एकता दिवस पर दौड़ा बोकारो
कार्यक्रम की शुरूआत सांसद ने रामरूद्र प्लस टू उच्च विद्यालय, चास से राष्ट्रीय एकता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर की. उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय एकता दौड़ गरगा पुल स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल के प्रतिमा के पास समाप्त हुआ. दौड़ में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं के अलावे शहर के गणमान्य लोग शामिल थे. उसके बाद सरदार वल्लभ भाई पटेल की विशाल प्रतिमा पर सभी अतिथियों ने माल्यार्पण कर सभा को संबोधित किया. कार्यक्रम का संचालन चास सीओ वंदना शेजवलकर ने किया.
ये थे मौजूद : कार्यक्रम में चास नगर निगम के महापौर भोलू पासवान, उपमहापौर अविनाश कुमार, सीआइएसएफ के डीआजी, पुलिस अधीक्षक वाइएस रमेश, डीडीसी दिगेश्वर तिवारी, अपर समाहर्ता जुगनू मिंज, निदेशक डीआरडीए संदीप कुमार, सिविल सर्जन सोबान मुर्मू, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय पुनम मिंज, पुलिस उपाधीक्षक यातायात सुनील रजवार, कार्यपालक दंडाधिकारी प्रभात कुमार दत्ता, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर निगम चास जेपी यादव, सभी वार्ड सदस्य एवं विभिन्न स्कूलों के शिक्षक -शिक्षिकाएं सहित काफी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
माननीयों ने कहा
बेरमो विधायक योगेश्वर महतो उर्फ बाटुल ने कहा : भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रतीक थे. उन्होंने निःस्वार्थ होकर देश के लिए अपने जीवन को समर्पित कर दिया. बोकारो विधायक बिरंची नारायण ने कहा : बोकारो जैसे लौह नगरी में लौह पुरुष की प्रतिमा स्थापित होना गौरवपूर्ण बात है. कहा कि उनके बलिदानों के कारण उनके जन्म तिथि पर उनके त्यागों को सम्मान के साथ स्मरण किया जा रहा है. डीसी राय महिमापत रे ने कहा : जिला के सभी वासी नये भारत के निर्माण का संकल्प ले, ताकि आगे यहां के लोगों में प्रसन्नता व खुशहाली बनी रहे. उन्होंने सभी उपस्थित अतिथियों, छात्र-छात्राओं, मीडिया बंधुओं व आमजनों को कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए धन्यवाद दिया.
