बेरमो: कोयला उद्योग के मजदूरों को दसवां वेतन समझौता में 20 फीसदी एमजीबी के अलावा चार फीसदी विशेष भत्ता तथा तीन फीसदी सालाना इंक्रीमेंट का लाभ मिलेगा. जब से इन मुद्दों पर लगभग सहमति बनी है, कोलकर्मी अपने वेज सहित अन्य भत्तों में होने वाले बढ़ोतरी का हिसाब-किताब करने में जुट गये हैं.
अभी कई भत्तों पर बात है बाकी : वेतनमान समझौता 10 में एमजीबी के अलावा चार फीसदी विशेष भत्ता और तीन फीसदी इंक्रीमेंट के अलावा कोलकर्मियों के अन्य कई भत्तों पर अभी सहमति बनना बाकी है. अंडरग्राउंड एलाउंस जहां वेतन समझौता नौ में 1964 रुपये था, वह इस बार बढ़ कर 2357 रुपये हो जायेगा. हाउस एलाउंस वेतन समझौता नौ में 314.52 था, वह इस बार 526 रुपये हो जायेगा. हाउस रेंट 1.07.2016 से नयी बेसिक (मूल वेतन) पर दो फीसदी मिलेगा. साथ ही हाउस रेंट को फ्रीज कर दिया जायेगा. कोलकर्मियो को जो चार फीसदी विशेष भत्ता मिलेगा उसे भी 1.7.2016 के मूल वेतन में वृद्धि कर फ्रीज कर दिया जायेगा. इसके अलावा अभी यात्री भत्ता, यातायात भत्ता, साइकिल भत्ता, रात्रि भत्ता, ड्रेस भत्ता, धुलाई भत्ता सहित लाइफ कवर स्कीम की राशि में बढ़ोतरी होना है. अभी लाइफ कवर स्कीम (एलसीएस) में 1.12 लाख रुपये मिलता है. यह राशि किसी कर्मी के मरने के बाद तत्काल उनके श्राद्ध कर्म के लिए दी जाती है.
वेतन बढ़ोतरी को ऐसे समझें
इस बार वेतनमान समझौता दस में 20 फीसदी एमजीबी मिलने पर केटेगरी वन के मजदूर को कुल बढ़ोतरी 4899.13 रुपये होगी. चार फीसदी विशेष भत्ता बढ़ने पर न्यूनतम बढ़ोतरी 1051 और अधिकतम 3614 रुपये मिलेगा. इस प्रकार दोनों राशि 4899.13 रुपये तथा 1051 रुपये को जोड़ने पर न्यूनतम वेतन बढ़ोतरी 5322.50 रुपये होगी. इसके अलावा वेजबोर्ड-नौ की तरह तीन फीसदी सालाना इंक्रीमेंट मिलने पर 788.80 रुपये की और बढ़ोतरी होगी. इस प्रकार वेजबोर्ड नौ की न्यूनतम बढ़ोतरी 4141 रुपये से इस बार 1800 रुपये की बढ़ोतरी ज्यादा होगी. वेजबोर्ड 10 में केटेगरी वन के मजदूर काे न्यूनतम बढ़ोतरी 5900 तथा अधिकतम बढ़ोतरी 22000 रुपये तक जायेगी. दसवां वेतन समझौता में कोल इंडिया प्रबंधन ने पेंशन मद में 984 करोड़ तथा मेडिकेयर स्कीम में 164 करोड़ रुपये दिया है.
पहले क्या मिला था
वेजबोर्ड नौ में केटेगरी वन के एक मजदूर के वेज में न्यूनतम बढ़ोतरी 3513 रुपये (27 फीसदी) हुई थी. इसमें चार फीसदी विशेष भत्ता पर्क के नाम पर लिया गया था जो न्यूनतम 628 रुपये तथा अधिकतम दो हजार रुपये था. इस प्रकार दोनों राशि 3513 तथा 628 रुपये को जोड़ने पर 4141 रुपये हुआ था. वेजबोर्ड-नौ में केटेगरी वन एक एक मजदूर के वेतन में न्यूनतम 4141 तथा अधिकतम 14000 हजार रुपये की बढ़ोतरी हुई थी. साथ ही सालाना तीन फीसदी इंक्रीमेंट के रूप में न्यूनतम 471.33 रुपये भी मिला था. वेजबोर्ड आठ में कुल बढ़ोतरी न्यूनतम 1808 रुपये (24 फीसदी) तथा वेजबोर्ड सात में न्यूनतम बढ़ोतरी 1700 रुपये थी.
क्या कहते हैं यूनियन नेता
कोयला कर्मियों के न्यूनतम वेतन (कैटेगरी वन) वृद्धि 4899 रुपए तक होगी. बढ़े हुए बेसिक पर चार प्रतिशत स्पेशल अलाउंस अलग से होगा. यानी न्यूनतम एरियर एक लाख के आसपास होने की उम्मीद है. 10वां वेतन समझौता का सबसे बड़ा आकर्षण यह भी है कि पेंशन फंड में सात प्रतिशत अंशदान एवं पोस्ट रिटायरमेंट मेडिकल बेनिफिट के लिए भी कंपनी .6 प्रतिशत अंशदान देने जा रही है.
डीडी रामानंदन, सीटू
दिल्ली बैठक में कई मुद्दों पर गतिरोध दूर हो गया है. कोई नया व्यवधान नहीं हो तो 31 अगस्त को हस्ताक्षर की संभावना है. कुछ बातें और बाकी हैं, इसके लिए 29 को ड्राफ्ट कमेटी रांची में तय करेगी. इसके बाद 31 को जेबीसीसीआइ की बैठक होगी. इस बार भले ही प्रतिशत कम हुआ है, लेकिन एकाउंट ज्यादा हुआ है.
लखनलाल महतो, एटक
