गुमलाः गुमला जिले के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आयी है. जिले की 62 पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत घोषित किया गया है. शुक्रवार को टाउन हॉल गुमला में आयोजित समारोह में इसकी औपचारिक घोषणा की गई. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपायुक्त दिलेश्वर महतो, जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा, जिला परिषद उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी डॉ शिशिर कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ धनुर्जय सुंब्रई, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ सुनील राम और सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ अनुपम किशोर समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे. उपायुक्त एवं अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया.
शेष पंचायतों को भी टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य
उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि जिले की 62 पंचायतों का टीबी मुक्त होना गुमला के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण उपलब्धि है. टीबी जैसी गंभीर संक्रामक बीमारी के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के लगातार प्रयासों का यह परिणाम है. उन्होंने कहा कि अब जिले की शेष पंचायतों को भी जल्द से जल्द टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों और आम लोगों को मिलकर समन्वित प्रयास करना होगा. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी पंचायतों और गांवों में टीबी की रोकथाम, पहचान, जांच और उपचार को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया.
लक्षणों की पहचान और समय पर जांच जरूरी
उपायुक्त ने कहा कि टीबी एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, लेकिन समय पर पहचान और समुचित उपचार से इसे नियंत्रित किया जा सकता है. लंबे समय तक खांसी, कमजोरी, वजन कम होना और गंभीर स्थिति में खांसी के साथ खून आना इसके प्रमुख लक्षण हैं. ऐसे लक्षण दिखने पर तत्काल जांच कराना जरूरी है. उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज ही जिले के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला है. स्वस्थ और स्वच्छ समाज का निर्माण जिला प्रशासन की प्राथमिकता है.
ये भी पढ़ें- झारखंड में 3 साल से लंबित ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर, 21 जिलों में जमीन के बावजूद नहीं शुरू हुआ काम
गुमला को टीबी मुक्त जिला बनाने का संकल्प
जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ केके मिश्रा ने कहा कि 62 पंचायतों का टीबी मुक्त होना टीबी उन्मूलन अभियान में बड़ी उपलब्धि है. इस वर्ष टीबी उन्मूलन की दिशा में निर्धारित लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ कार्य किया जा रहा है. सामूहिक प्रयासों से जिले की 62 पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया है. अब इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए जिले की सभी पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने पदाधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, जनप्रतिनिधियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताते हुए आगे भी इसी तरह सहयोग की अपील की.
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित
समारोह में टीबी उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सा पदाधिकारियों, मुखियाओं, सहियाओं, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों सहित प्रखंड टीबी टास्क टीम, जिला कार्यक्रम समन्वयक, जिला फील्ड अधिकारी और प्रखंड फील्ड अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. टीबी उन्मूलन अभियान में सहयोग के लिए प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया. इस दौरान सभी ने जिले की शेष पंचायतों को टीबी मुक्त बनाने और गुमला को पूर्ण रूप से टीबी मुक्त जिला बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया.
ये भी पढ़ें- रांची में अब आवारा कुत्तों पर लगेगी लगाम, बड़गाई में बनेगा बर्थ कंट्रोल सेंटर
