रांची/ रातू: रातू थाना क्षेत्र के महादेव टंगरा में गुरुवार को दो गुट के लोग आपस में भिड़ गये. घटना में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गये. घटना दिन के करीब 1.30 एक धार्मिक स्थल की चहारदीवारी निर्माण को लेकर हुई.
बताया जाता है कि एक गुट के लोगों ने निर्माणाधीन चहारदीवारी तोड़ दी. इसके बाद तनाव उत्पन्न हो गया. दूसरे गुट के कुछ लोग पारंपरिक हथियारों से लैस होकर पहुंचे. दोनों गुट के लोग एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने लगे. एक गुट की ओर से महिलाएं भी पत्थरबाजी कर रही थी. दोनों गुट के लोगों ने एक-दूसरे के धार्मिक स्थल पर भी पत्थर फेंके. इस दौरान उपद्रवियों ने एक बाइक और दो ऑल्टो कार (जेएच-01 एम-8403 और जेएच-01-एके -8272) को क्षतिग्रस्त कर दिया.
पुलिस पहुंची, मामला शांत कराया : सूचना मिलने के बाद ग्रामीण एसपी सुरेंद्र कुमार झा, सदर एसडीओ अमित कुमार, रातू व सुखदेवनगर थाने की पुलिस और दंगा निरोधी दस्ते को लेकर महादेव टांगर पहुंचे. पुलिस के पहुंचने के बाद भी दोनों गुट के लोग कुछ देर तक एक-दूसरे पर पत्थरबाजी करते रहे. इसके बाद दिन के करीब 3.15 बजे पुलिस ने हस्तक्षेप कर पत्थरबाजी बंद करायी. एसडीओ अमित कुमार ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी. इसके बाद मामला शांत हुआ. एहतियात के दौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
क्या है कारण : धार्मिक स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए एक गुट के लोगों को सांसद मद से पैसे मिले थे. इससे चहारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा था. उनका दावा है कि जिस जमीन पर चहारदीवारी बन रही है, वह उनकी है. वहीं दूसरे गुट के लोगों का कहना है कि खाली जमीन पर कब्जा कर चहारदीवारी बनाया जा रहा है. इसे लेकर विवाद हो गया.
‘‘गांव में निषेधाज्ञा लागू कर दी गयी है. लोगों को विवादित स्थल से दूर रहने का निर्देश दिया गया है. स्थिति नियंत्रण में है.मजिस्ट्रेट व फोर्स की तैनाती कर दी गयी है. अमित कुमार, एसडीओ
