रांची: भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के दो प्रतिनिधियों ने आज जेल में पार्टी नेता यशवंत सिन्हा से मुलाकात की और उनसे अपील की है कि वह जमानत लेकर जेल से बाहर आये और झारखंड इकाई द्वारा बनायी जा रही रणनीति के लिए कार्य करें.
भाजपा महासचिव राजीव प्रताप रुडी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह के निर्देश पर हम हजारी बाग आये हैं. हम यशवंत सिन्हा से जेल में मिले और उनसे कहा कि बिजली की समस्या, कानून और व्यवस्था की लचर स्थिति और अराजकता की स्थिति के खिलाफ 16 जून से शुरु हो रहे अगले चरण के आंदोलन में शामिल हों.’’ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन और राजनाथ सिंह के अन्य प्रतिनिधि शामिल थे.रुडी ने कहा कि यशवंत सिन्हा ने हजारीबाग में बिजली की समस्या को लेकर जो आंदोलन किया उससे आम जनता की समस्याएं उजागर हुई हैं.
इस आंदोलन में राज्य सरकार ने चार महिलाओं समेत 58 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने कहा कि राज्य में अराजकता की स्थिति और अपंग सरकार के कारनामों को उजागर करने के लिए जिस तरह सिन्हा ने जन आंदोलन का नेतृत्व किया उसके लिए पूरी पार्टी उनके साथ है.यशवंत सिन्हा ने हजारीबाग में बिजली की दस घंटे तक की कटौती के खिलाफ आंदोलन करते हुए दो जून को अपने समर्थकों के साथ गिरफ्तारी के बाद जमानत लेने से इनकार कर दिया था. इसके बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट आरबी पाल ने उन सभी को चौदह दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.
