रांची: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने आज आरोप लगाया कि झारखंड में अराजकता की स्थिति है और सरकार नाम की कोई चीज नहीं रह गयी है. इसे देखते हुए यहां की जनता केंद्र की तरह राज्य सरकार का नेतृत्व भी भाजपा को सौंपना चाहती है.
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा से हजारीबाग जेल में मिलने के बाद यहां संवाददाता सम्मेलन में शाहनवाज ने कहा कि हाल के लोकसभा चुनावों के बाद राज्य के मुख्यमंत्री ने जैसे मान लिया है कि अब सत्ता उनके हाथ से चली गयी है. इसीलिए सरकार कोई काम ही नहीं कर रही है.उन्होंने दावा किया कि राज्य की 14 में से 12 लोकसभा सीटें भाजपा की झोली में डालने वाली जनता ने राज्य सरकार का नेतृत्व भी अब भाजपा को ही देने का मन बना लिया है.
एक सवाल के जवाब में शाहनवाज ने कहा कि दिल्ली में आप के नेता अरविंद केजरीवाल का मुचलका न भरकर जेल में जाना और हजारीबाग में बिजली की समस्या के लिए लड रहे यशवंत सिन्हा का जमानत न लेकर जेल में जाना दो अलग-अलग बातें हैं, इन दोनों की तुलना नहीं की जा सकती है. उन्होंने कहा कि एक मामला कथित अपराध करके कानून का सम्मान न करने से जुडा था, जबकि दूसरा मामला जन समस्याओं के लिए आंदोलन का है.
