रांची: राजधानी सहित पूरे राज्य में जबरदस्त गरमी पड़ रही है. सूरज की तपिश लगातार बढ़ती जा रही है. जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. पश्चिम से चलनेवाली हवाओं के कारण हवा में उमस भी बनी हुई है.
करीब-करीब सभी जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेसि के पार चला गया है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार राजधानी का अधिकतम तापमान लगातार दूसरे दिन 40 डिग्री सेसि दर्ज किया गया.
तापमान और आद्र्रता बढ़ने से परेशानी बढ़ गयी है. उमस के कारण लगातार पसीना आ रहा है. सुबह सात बजे के बाद से ही धूप इतनी तेज हो जाती है कि बाहर निकलना मुश्किल लगता है. मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल इससे राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. अधिकतम तापमान और बढ़ सकता है.
क्यों महसूस हो रही ज्यादा गरमी
तापमान बढ़ने के साथ-साथ हवा में आद्र्रता भी बढ़ गयी है. इस कारण ज्यादा गरमी महसूस हो रही है. गत माह भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास तक पहुंच गया था, लेकिन उस दौरान आद्र्रता का प्रतिशत सामान्य (50 के आसपास) था. इस कारण बहुत ज्यादा गरमी नहीं महसूस हुई थी. पिछले साल जून माह के पहले सप्ताह तक 62 मिमी बारिश हो गयी थी. इस कारण गत वर्ष इस समय गरमी का एहसास कम हुआ था.
क्या है आद्र्रता बढ़ने के कारण
आकाश में बादल रहना
हवा का रुख दक्षिण दिशा की ओर से होना
हवा के साथ वाष्प आता है, लेकिन बारिश नहीं होती है
तापमान बढ़ने से जमीन से नमी निकलती है, यह निचले स्तर पर ही रहती है
