पिपरवार : प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के सब जोनल कमांडर भीखन गंझू का करीबी रोहण गंझू उर्फ डिस्को को पिपरवार पुलिस ने गिरफ्तार किया है. उसके पास से एक देसी लोडेड पिस्टल, .315 बोर का दो कारतूस व एक काले रंग का पल्सर मोटरसाइकिल (जेएच 02 एएम 0459) भी बरामद हुआ है.
उस पर पिपरवार, खलारी, मैक्लुस्कीगंज, बालूमाथ सहित कई थानों में हत्या, अपहरण व लेवी वसूली से संबंधित दर्जनों मामले दर्ज हैं. टंडवा एसडीपीओ आशुतोष ने पिपरवार थाना में प्रेस कांफ्रेंस कर यह जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि चतरा एसपी को रोहण गंझू द्वारा बेंती में किसी घटना को अंजाम देने की सूचना मिली थी. इस सूचना पर छापेमारी दल का गठन किया गया. दल ने पिछली रात बेंती के निकट रोहण गंझू को जंगल से खदेड़ कर पकड़ लिया. एसडीपीओ ने बताया कि रोहण ने पूछताछ में कोल माइनिंग एरिया में लेवी वसूलने की बात स्वीकार की है. साथ ही शांति समिति के नाम पर पैसा उगाही करनेवाले कई लोगों के नामों का खुलासा किया है.
चतरा के बेंती के निकट जंगल से खदेड़ कर पुलिस ने पकड़ा, रोहण के खिलाफ विभिन्न थानों में दर्ज हैं कई मामले
रोेहण गंझू ने कब-कब कहां और किन घटनाओं को अंजाम दियासपही सरना स्थल पर सात जून 2018 को सीसीएलकर्मी सुरेश उरांव की हत्या की थी.
28 जनवरी 2018 को केस नहीं उठाने पर बेंती निवासी उर्मिला देवी व उनकी बेटी का घर से अपहरण कर मारपीट करने का आरोप.
28 नवंबर 2017 को टीएसपीसी सुप्रीमो ब्रजेश गंझू, आक्रमण गंझू, कोहराम गंझू, भीखन गंझू आदि के साथ मिल कर जेजेएमपी सदस्य प्रदीप महतो की गोली मार कर हत्या करने व हथियार लूट में शामिल.
19 अक्तूबर 2017 को सरैया गांव में अपने साथियों के साथ मिल कर विनोद उरांव की हत्या की थी.
19 अप्रैल 2015 को दीपू सिंह व साथियों के साथ मिलकर विजन निवासी सीसीएलकर्मी राजेंद्र राम का घर से अपहरण कर हत्या की.
खलारी थाना क्षेत्र में 17 फरवरी 2012 को वसीर अंसारी व सज्जाद अंसारी की गोली मार कर हत्या करने का आरोप.
27 नवंबर 2016 को डकरा गुरुद्वारा कांप्लेक्स के निकट रिंकु सरदार की गोली मार कर हत्या की.
मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र में 21 जनवरी 2016 को साथियों के साथ मिल कर दुखन का अपहरण करने एवं खलारी थाना क्षेत्र में 21 जून 2016 को दुखन की गोली मार हत्या करने का आरोप है.
