शराबबंदी वाले बिहार में शुक्रवार को शराब की बड़ी खेप के साथ मॉडल जैसी पर्सनैलिटी वाली एक युवती को समस्तीपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके साथ एक युवक को भी पकड़ा है, जिसे युवती का रिश्तेदार बताया जा रहा है. यह पहला मामला नहीं है, जब शराब तस्करी के आरोप में किसी युवती की गिरफ्तारी हुई हो. इससे पहले इसी साल जुलाई में मोतिहारी पुलिस ने हरियाणा से शराब की बड़ी खेप लाने के आरोप में कुछ महिलाओं को गिरफ्तार किया था. आरोप है कि पुलिस की नजर से बचने के लिए इन महिलाओं ने ‘किराये के पति’ और ‘उधार के बच्चे’ का सहारा लिया था.
पुलिस की बढ़ती चौकसी के बीच शराब तस्करी में महिलाओं और युवतियों के इस्तेमाल के मामले सामने आ रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक, तस्कर पुलिस की नजर से बचने के लिए ऐसी महिलाओं या युवतियों को आगे कर रहे हैं, जिन पर पहली नजर में शक कम हो.
बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें..
AC-1 कोच से 75 लीटर शराब बरामद
समस्तीपुर जीआरपी को गुप्त सूचना मिली थी कि 4 सितंबर को स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से शराब की बड़ी खेप दिल्ली से बिहार लाई जा रही है. सूचना के आधार पर ट्रेन के समस्तीपुर पहुंचते ही पुलिस ने चेकिंग शुरू की. इसी दौरान AC-1 कोच से करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई. पुलिस ने शराब के साथ नेहा झा और उसके बहन के देवर ईशान कुमार को गिरफ्तार कर लिया. दोनों नई दिल्ली से जयनगर जा रहे थे.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नेहा यह शराब अपने कथित ‘परमानेंट कस्टमर’ के लिए लेकर आ रही थी. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी. इसके साथ ही नेहा के कथित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नेहा ने शराब तस्करी कब और कैसे शुरू की, वह दिल्ली कब गई और वहां किन लोगों के संपर्क में आई.
परिवार को लेकर भी जांच
नेहा समस्तीपुर जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर सिंघिया थाना क्षेत्र के बारी गांव के वार्ड-12 की रहने वाली बताई गई है. सूत्रों के मुताबिक, उसके परिवार के कुछ लोगों के भी शराब तस्करी से जुड़े होने की बात सामने आई है. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक जांच और पुष्टि का इंतजार है.
नेहा के पिता का नाम संजय कुमार झा और मां का नाम पुनीता झा बताया गया है. उसकी मां आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका हैं. उसके दादा शशिभूषण झा बारी पंचायत के पैक्स अध्यक्ष रह चुके हैं. चार बहनों में नेहा सबसे छोटी है. उसके साथ गिरफ्तार ईशान कुमार उसकी बड़ी बहन अंशु झा का देवर बताया जा रहा है.
पुलिस के मुताबिक, नेहा की दूसरी बहन निशु झा को दरभंगा पुलिस शराब तस्करी के आरोप में दो बार गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. इस पहलू की भी जांच की जा रही है कि क्या दोनों मामलों के बीच कोई कनेक्शन है.
मोतिहारी में भी सामने आया था तस्करी का अनोखा तरीका
इससे पहले मोतिहारी पुलिस ने एक लग्जरी कार से ‘किराये के पति’ और ‘उधार के बच्चे’ के साथ सफर कर रही एक महिला को गिरफ्तार किया था. पूछताछ के दौरान महिला ने उत्पाद विभाग की टीम के सामने कथित तौर पर कई खुलासे किए थे.
महिला ने बताया था कि कार चला रहा व्यक्ति उसका असली पति नहीं, बल्कि ‘किराये का पति’ था. उसके मुताबिक, पुलिस की नजर से बचने के लिए उसे पति के तौर पर साथ रखा गया था. महिला ने यह भी दावा किया था कि तस्करी के दौरान परिवार जैसा माहौल दिखाने के लिए 1,500 रुपये प्रतिदिन पर किराये का पति और 500 रुपये में बच्चा लिया गया था.
महिला के मुताबिक, तीनों अलग-अलग जगहों के रहने वाले थे और शराब की खेप पहुंचाने के लिए ही एक साथ सफर कर रहे थे. पुलिस के अनुसार, महिला उत्तर प्रदेश से अवैध शराब की बड़ी खेप लेकर मुजफ्फरपुर जा रही थी.
Also Read : MLC चुनाव में अनंत सिंह ने बदला समीकरण, नीरज कुमार के सामने डॉ. अनुज सिंह का समर्थन
