हाजीपुर : पूर्व मध्य रेलवे द्वारा सोमवार को रेल मुख्यालय, हाजीपुर में तीन दिन तक चलनेवाली क्षेत्रीय हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अरविंद कुमार रजक ने बताया की सोमवार को हाजीपुर मुख्यालय में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता के लिए मध्य रेल के सभी विभागों एवं मंडलों को पूर्व में ही सूचित किया गया था. हिंदी निबंध प्रतियोगिता के लिए दो विषय पूर्व में ही निश्चित किये गये थे.
प्रतियोगिता स्थल पर प्रतियोगियों के समक्ष ड्रा से ‘राजभाषा हिंदी के विकास में भारतीय रेल की भूमिका’ विषय का चयन किया गया. इस प्रतियोगिता में कुल छह पुरस्कार रखे गये हैं. प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं सांत्वना के तीन. प्रथम और द्वितीय पुरस्कार पानेवाले प्रतियोगियों को रेलवे बोर्ड द्वारा अखिल रेल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में पूर्व मध्य रेल की ओर से भेजा जायेगा.
राजभाषा विभाग पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर की ओर से राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं को आयोजन समय-समय पर किया जाता है. इससे रेल कर्मियों के बीच हिंदी में कार्य करने की प्रवृति बढ़ती है. इस मौके पर उपमहाप्रबंधक (राजभाषा), डॉ विभावरी गोरे एवं राजभाषा अधिकारी अशोक कुमार श्रीवास्तव उपस्थित थे.
